रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार पोल से टकराई, महिला की हुई मौत

खैर। अलीगढ़-पलवल मार्ग पर गांव रतनपुर के पास बुधवार रात्रि में वृंदावन से दर्शन करके लौट रही श्रद्धालुओं की कार अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गई। हादसे में कार सवार एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। जिनका उपचार जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार सहरोई निवासी भगवती शर्मा अपने परिजनों के साथ बुधवार को कार से वृद्धांवन दर्शन करने के लिए गए थे। जहां से रात्रि में सभी कार से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह अलीगढ़-पलवल मार्ग पर गांव रतनपुर के समीप पहुंचे। तभी सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद कार में सवार श्रद्धालुओं में मदद को चीख-पुकार मचने लगी। हादसे में कार चालक हेमंत शर्मा, संजना शर्मा पत्नी अनीश शर्मा, सावित्री देवी पत्नी कालीचरन शर्मा समेत आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद बड़ी संख्या में राहगीर मौके पर जुट गए। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया । जहां पर उपचार के दौरान 25 वर्षीय खुशबू उर्फ संजना शर्मा की मौत हो गई। जबकि चालक हेमंत शर्मा की हालत नाजुक बनी हुई। घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मच गया। संजना नौ माह की बेटी की मां थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

करंट की चपेट में आकर मजदूर की मौत

अलीगढ़। थाना रोरावर क्षेत्र के मोहल्ला तेलीपाड़ा में कारखाने में काम करने के दौरान मशीन में उतरे करंट की चपेट में आकर मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार अलहदादपुर निवासी 18 वर्षीय अरमान पुत्र निजामुद्​दीन तेलीपाड़ा स्थित निकिल पॉलिश के कारखाने में काम करता था।

बुधवार रात में वह कारखाने में अन्य साथियों के साथ काम कर रहा था। तभी अचानक से मशीन में उतरे करंट की चपेट में आ गया और अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। जानकारी पर वहां मौजूद उसके साथी आनन-फानन में उचार को जिला अस्पताल मलखान सिंह लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों का घटना के बाद रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। मृतक चार भाई बहन में दूसरे नंबर का था। गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!