रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

टायर पंचर होने से बाइक पेड़ से टकराई, पति-पत्नी की हुई मौत

चंडौस। चंडौस-गौमत मार्ग पर गांव गंगेई के पास टायर पंचर होने से बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। मृतक दंपत्ती खैर के गौमत से पुत्र वधु को दवा दिलाकर गांव लौट रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है, वहीं हादसे के बाद मृतक दंपत्ती के परिवार में कोहराम मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार चंडौस थाना क्षेत्र के गांव किन्हुआ निवासी 45 वर्षीय योगेंद्र सिंह क्षेत्र पंचायत सदस्य थे। गुरुवार को वह बाइक से 40 वर्षीय पत्नी कुसुम देवी व पुत्रवधु के साथ खैर के गोमत पुत्रवधु को दवा दिलाने गए थे। दोपहर में वह बाइक से पुत्रवधु को दवा दिलाकर उसके मायका ऊमरी छोड़कर पत्नी के साथ गांव लौट रहे थे। तभी चंडौस-गौमत मार्ग पर गांव गंगेई के पास अचानक से बाइक के पिछले टायर में पंचर हो गया। जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। जबकि बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। उधर हादसे की जानकारी पाकर परिजन भी अस्पताल में पहुंच गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

काश पहना होता हेलमेट तो शायद बच सकती थी जान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक योगेंद्र सिंह ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, बल्कि उनके पीछे बैठी उनकी पत्नी से हेलमेट को हाथ में पकड़ रखा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि वह हेलमेट पहने हुए होते तो शायद उनकी जान बच सकती थी।

गांव में नहीं जले चूल्हे

गांव के क्षेत्र पंचायत सदस्य योगेंद्र सिंह व उनकी पत्नी कुसुम देवी की मौत की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ पड़ी। शोक में पूरे गांव में चूल्हे भी नहीं जले। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक दंपत्ती ने अपने पीछे दो बेटों को रोते-बिलखते हुए छोड़ा है।
—————————-

दो बच्चों की मां पड़ोसी के साथ हुई फरार, पीड़ित पति ने दर्ज कराई रिपोर्ट

चंडौस। कस्बा के एक मोहल्ला से दो बच्चों की मां पड़ोस के ही एक युवक के साथ फरार हो गई। मामले में पीड़ित पति ने पड़ोसी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कस्बा के एक मोहल्ला के युवक ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी करीब चार साल पहले मथुरा के थाना नौहझील के एक गांव से हुई थी। उसके पास एक बेटा व एक बेटी भी है। बीती 24 अप्रैल की दोपहर में पड़ोस का ही एक युवक उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। पत्नी दोनों बच्चों को भी घर छोड़ गई। काफी तलाश करने के बाद भी पत्नी और पड़ोसी का कहीं पता नहीं चल सका है। इंस्पेक्टर सीता राम सरोज ने बताया कि पीडित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी व महिला की तलाश शुरू कर दी है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!