मांस से भरा ऑटो पकड़ा, ग्रामीणों ने दो लोगों को पकड़कर किया पुलिस के हवाले
जट्टारी। कस्बा में ग्रामीणों ने दो लोगों को पशुओं के मांस से भरे एक ऑटों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम करने के साथ ही मांस को जांच के लिए भेजा है।
गुरुवार को टप्पल की तरफ से पशुओं के मांस से भरे ऑटो को लेकर दो युवक खैर की तरफ से जा रहे थे। तभी कस्बा में रामलीला मैदान के सामने खड़े लोगों ने ऑटों से दुर्गंध आने पर लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया। जिस पर ऑटो सवार दोनों युवक तेजी से उसे भगाने लगे। जिस पर ग्रामीणों को कुछ शक हुआ। ग्रामीणों ने ऑटो का पीछा करते हुए खैर बस स्टैंड के पास से दोनों युवकों को पकड़ लिया और ऑटो समेत पुलिस के हवाले कर दिया। उधर गोवंश का का मांस पकड़े जाने की खबर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण चौकी पर एकत्रित हो गए। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए दोनों युवकों ने अपना नाम आदिश पुत्र शाकिर निवासी करवला रोड व सोहेल पुत्र एहसान निवासी मोहल्ला काजीपाड़ा थाना टप्पल बताया। उन्होंने बताया कि ऑटो में करीब 52 किलोग्राम मांस भरा हुआ था। जिसे वह खैर में बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ ही मांस का सेंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भिजवा दिया है। वहीं मांस से भरा टेंपो पकड़े जाने को लेकर कस्बा टप्पल में दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर एक दूसरे पर जमकर आरोप लगाए। एक पक्ष के लोगों ने आरोप लगाते हुए बताया कि कस्बा में बिना अनुमति के अवैध कट्टीघर संचालित किए जा रहे हैं। पशुओं के अवैध कटान व उठने वाली दुर्गंध ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। अवैध कट्टीघरों को बंद कराने को लेकर कई बार मारपीट भी हो चुकी है। लोगों का आरोप है कि मांस से भरे वाहन हर दिन चौकी के सामने से गुजरते हैं, लेकिन पुलिस की मिलीभगत के चलते कोई भी कार्रवाई नहीं होती है। जिससे अवैध कट्टीघर चलाने वालों के हौसले बुलंद हैं।