चोरी की बाइक के साथ पुलिस ने एक युवक पकड़ा, भेजा जेल
इगलास। थाना पुलिस ने गोरई क्षेत्र से एक युवक को चोरी के बाइक के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि एसएसआई याबर अब्बास मय फोर्स के क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त कर रहे थे। तभी मुखबिर ने गोरई क्षेत्र में एक बाइक चोर युवक की सूचना दी। जिस पर पुलिस टीम ने बांस फतेली रजवाह के पास से एक युवक को दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में उसने अपना नाम शोभित पुत्र बनवारी निवासी नगला घना बताया। आरोपी के पास से चोरी की स्पलेंडर बाइक बरामद हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
बाइक सवार जीजा-साली को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, घायल
गभाना। गाजियाबाद-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर पैराई ओवर ब्रिज के पास बाइक सवार जीजा-साली को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को कस्बा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से परिजन दोनों का प्राथमिक उपचार कराकर घर ले गए।

बुलंदशहर के खुर्जा के गांव आंचरू कला निवासी रॉबिन कुमार बुधवार दोपहर में अपनी साली माेनिका को अलीगढ़ मुस्लिम यूनीवर्सिटी से प्रवेश परीक्षा दिलाकर खुर्जा लौट रहे थे। जैसे ही वह हाईवे पर पैराई पुल के पास पहुंचे। तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार जीजा-साली गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद बड़ी संख्या में राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को कस्बा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। हादसे की जानकारी पाकर घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। जहां से वह दोनों का प्राथमिक उपचार कराकर खुर्जा के लिए ले गए।