टप्पल के युवक का नहर के पास मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
खैर। क्षेत्र के गांव एदलपुर पूर्वी फतेहगढ़ी स्थित नहर के पास बुधवार दोपहर में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया। जिस पर मृतक की पहचान टप्पल के युवक के रूप में हो गई। मृतक के हत्या कर देने का आरोप लगाया है।
एदलपुर पूर्वी फतेहगढ़ी गांव के समीप से गुजर रही नहर के किनारे ग्रामीणों को एक युवक का शव पड़ा दिखाई दिया। शव पड़ा होने की जानकारी क्षेत्र में जंगल में आग की तरह से फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौके पर एकत्रित हो गई। सूचना पर इलाका पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया। जिस पर ग्रामीणोंं ने मृतक शिनाख्त कस्बा टप्पल के डाक खाने वाली गली निवासी 28 वर्षीय जयप्रकाश पुत्र बिजेंद्र सिंह के रूप में कर ली। घटना की जानकारी पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के पिता बिजेंद्र सिंह के अनुसार 5 जून की सुबह जयप्रकाश को गांव के ही दो युवक घर से बुला ले गए थे। जिसके बाद उसका कहीं पता नहीं चल सका था। मामले मंगलवार को टप्पल थाने में दो लोगों के खिलाफ तहरीर भी दी गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। दोनों युवकों ने उसकी हत्या कर शव को नहर में फेंका है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। घटना के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक तीन बहनों के बीच इकलौता भाई था।
सीओ राजीव द्विवेदी ने बताया कि युवक के लापता होने की गुमशुदगी टप्पल थाना में पूर्व ही दर्ज है। मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा।