दहेज लोभियों ने विवाहिताओं को मारपीट निकाला घर से, रिपोर्ट दर्ज
गभाना। थाना क्षेत्र के दो गांव की महिलाओं को दहेज लोभियों द्वारा मारपीट कर घर से निकाल देने का मामला दर्ज हुआ है।
थाना क्षेत्र के गांव भुकरावली निवासी रजनी पुत्री इंद्रपाल ने एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा कि पिता ने वर्ष 2018 में उसकी शादी बुलंदशहर के थाना डिबाई के गांव खुशालाबाद निवासी मुकेश पुत्र छोटे लाल के साथ हिंदू रीति रिवाज से अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज देकर की थी। शादी में मिले दहेज से ससुरालीजन संतुष्ट नहीं थे। दहेज में अतिरिक्त एक लाख रुपये की मांग करते हुए उसका शारीरिक व मानसिक शोषण करने लगे। इसी बीच उसने एक बेटे को भी जन्म दिया, फिर ससुरालियों का उत्पीड़न कम न हुआ। विगत एक जून को पति मुकेश, सास प्रकाशी देवी, ससुर छोटेलाल व देवर वीरेंद्र ने उसके साथ मारपीट करते हुए मायका के बाहर छोड़कर चले गए।
वहीं दूसरा मामला क्षेत्र गोरना रसीदपुर निवासी आरती पुत्री राजकुमार सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि पिता की काफी समय पहले मृत्यु हो चुकी है। माता मिथलेश देवी ने वर्ष 2011 में उसकी शादी महीप किशोर पुत्र वीरपाल निवासी चंडौस व वर्तमान निवासी गाजीपुर झोड़,गाजियाबाद के साथ हिंदू रीति- रिवाज से खूब दान दहेज देकर की थी। शादी में मिले दहेज से ससुरालीजन संतुष्ट नहीं थे। पति शराब के नशे का अादी है। पति महीप किशोर,सास, ननद पूजा, बबली, ननदोई गुलाब व जेठ पिंटू आदि उससे दहेज में अतिरिक्त पांच लाख रुपये, एक बुलट बाइक, एक सोने की चैन व एक अंगूठी की मांग करते हुए शारीरिक शोषण करने लगे। जिस पर उसने मां की आर्थिक स्थित खराब का हवाला दिया। इस बीच उसने एक बेटी को भी जन्म दे दिया। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने उसे बिजली का करंट देकर भी मारने का प्रयास किया, लेकिन इसी बीच बिजली जाने से वह बच गई। बुधवार की सुबह उक्त लोगों ने मारपीट करते हुए उसे जबरन गाड़ी में बिठाकर मायका छोड़ कर चले गए। इस दौरान पति उसका मोबाइल फोन व बेटी को भी छीन ले गया। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि पीड़िताओं की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।