रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

खेत में खून से लथपथ निर्वस्त्र मिली महिला, दुष्कर्म की आशंका

अलीगढ़। थाना लोधा क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार को खेत में मूंग तोड़ने गई महिला खून से लथपथ एवं बेहोशी की हालात में निर्वस्त्र मिली। महिला के गले पर चोट के निशान थे। महिला से सामूहिक दुष्कर्म होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले में जांच में जुट गई है। महिला को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। एक गांव निवासी 40 वर्षीय महिला गुरूवार को खेत पर मूंग तोड़ने गई थी, लेकिन देर शाम तक महिला घर वापस नहीं पहुंची। इस पर पति एवं अन्य परिजन उसे तलाशते हुए खेत पर पहुंचे। इसी दौरान महिला एक खेत में खून से लथपथ एवं अचेत अवस्था में निर्वस्त्र पड़ी मिली। गले पर चोट के निशान थे। इसकी सूचना ग्रामीणों को मिली तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की आशंका जता रहे हैं। इसको लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया। हालांकि दुष्कर्म होने अथवा नहीं होने की पुष्टि डॉक्टरी परीक्षण के बाद ही सामने आ सकेगी। इलाका पुलिस के अलावा सीओ गभाना सुमन कनौजिया मौके पर पहुंच गई। फॉरेंसिंग एवं फील्ड यूनिट भी मौके पर पहुंच गई और जांच-पड़ताल में जुट गई। इस बीच महिला को पहले जिला महिला अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे जेएन मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया। एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि मामले में गहन जांच पड़ताल की जा रही है घटना के सारे पहलुओं पर भी पुलिस जांच कर रही है। महिला के होश में आने पर घटना की सही जानकारी हो सकेगी। महिला का डॉक्टरी परीक्षण भी कराया जा रहा है। इस मामले में पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई भी की जा रही है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!