पुरानी पेंशन की बहाली को लेकर सफाई कर्मचारियों ने किया धरना प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
गभाना। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के तत्वावधान में मंगलवार को पुरानी पेंशन की बहाली व विभिन्न समस्याओं को लेकर तहसील पर सफाई कर्मचारीयों ने धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा।
संघ के जिलाध्यक्ष मुकेश मल्होत्रा वजिलामंत्री राजेश पथिक के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सफाईकर्मी एकत्रित होकर तहसील मुख्यालय पर पहुंच गए। इस दौरान वह तहसील के गेट जमकर नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में करीब एक लाख से अधिक सफाई कर्मी कार्यरत है। जिनकी मांगें लंबे समय से बनी हुईहै। उनकी मांगों का निराकरण नहीं हुआ है। करीब तीन घंटे के धरना प्रदर्शन के बाद उन्होंने सात सूत्रीय ज्ञापन तहसीलदार उदयवीर सिंह को सौंपा। जिसमें उन्होंने पंचायती राज विभाग में कार्यरत सफाई कर्मचारियों की सेवा नियमावली बनाए जाने, पंचायतीराज विभाग के सफाईकर्मियों को पदोन्नत करने, ग्रेड पे 1900 रुपये करने, पदोन्नति, पदनाम पंचायत सेवक करने और प्रधान के नियंत्रण से मुक्त करने के साथ ही पुरानी पेंशन बहाली की मांग की गई है। इस मौके पर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद जिलाध्यक्ष व प्रांतीय उप महामंत्री नरेश कुमार सिंह, एडीओ पंचायत जवां देशराज गिरी, जिला कोषाध्यक्ष रवि कुमार बघेल, धर्मवीर सिंह, सतेंद्र कुमार बघेल, दिनेश कुमार भारती, चौधरी प्रेमाल सिंह, सतीश कुमार, निर्मल कुमार, संतोष कुमार, सुखवीर सिंह, जगवीर चौधरी, विनोद कुमार बघेल, राकेश कुमार, मदनपाल आदि मौजूद रहे।