अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को मारी टक्कर, उपचार के दौरान हुई मौत
गभाना। हाईवे पचपेड़ा मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव पला नगलिया निवासी 38 वर्षीय पृथ्वीपाल सिंह पुत्र रेशमपाल सिंह मेहनत मजूदरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। गुरुवार दोपहर में वह बाइक से अलीगढ़ से गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह हाईवे पर पचपेड़ा मोड़ के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बड़ी संख्या में राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर परिजन व इलाका पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर देखते हुए परिजन उन्हें उपचार को अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां पर देर रात्रि में उन्होंने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक एक बच्चे के पिता थे।
भांजी की शादी से लौट रहे बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन मारी टक्कर, हुई मौत
अलीगढ। अतरौली में पैंठ चौराहे के निकट भांजी की शादी समारोह से घर लौट रहे बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी पाकर परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौँप दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार जवां क्षेत्र के गांव बहादुरपुर कोटा निवासी 38 वर्षीय राजकुमार पुत्र सुखराम तालानगरी स्थित एक फैक्टरी में नौकरी करते थे। गुरुवार को वह बुलंदशहर के थाना रामघाट क्षेत्र के गांव जरगवां में अपनी भांजी की शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। देर रात्रि में वह बाइक से गांव लौट रहे थे। तभी पैंठ चौराहे के पास पीछे से आ रहे किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर थाना पुलिस व परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक तीन बच्चों के पिता थे।