गौंडा में जम्मू कश्मीर के युवक की संदिग्ध मौत
अलीगढ़। गौंडा क्षेत्र के गांव पींजरी नागरी में कोल्ड स्टोर पर मजदूरों के ठेकेदार का शव पानी के टैंक में उतरता हुआ मिला है। मृतक जम्मू कश्मीर का रहना वाला है। युवक की संदिग्ध मौत की सूचना स्वजन को दी गई है।
गांव पींजरीनागरी पर जहरील शराब कांड के आरोपित गांव धारा की गढ़ी निवासी अनिल चौधरी का कोल्ड स्टोर है। यहां जम्मू कश्मीर के जिला ऊधमपुर के थाना बसंतगढ़ के गांव विलोताचिगला निवासी 30 वर्षीय मनोहर लाल पुत्र मदनलाल मजदूरों का ठेकेदार है। युवक गुरुवार की सांय से गायब था। साथियों द्वारा उसकी खोज की गई लेकिन कहीं पता नहीं चला। शुक्रवार की सुबह युवक का शव कोल्ड स्टोर में बने टैंक में उतरता हुआ दिखा। सूचना पर एसआइ अरविंद कुमार सिवाल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पंचनामा भरकर शव को मोर्चरी के लिए भिजवाया है। इंस्पेक्टर विजयाकांत शर्मा ने बताया कि मृतक के स्वजन को सूचना दी गई है। युवक की मृत्यु कैसे हुई इस संबंध में जांच की जा रही है।
मारने की नीयत से झौंका फायर
गौंडा क्षेत्र के गांव मजूपुर के लोकेश कुमार पुत्र भगवान सिंह का कहना है कि मेरा भाई गीतेश कुमार गांव के चौराहे पर खड़ा था। गांव के ही वीकेश पुत्र प्रेमपाल सिंह से पुरानी रंजिश चली आ रही है चौराहे पर आया और गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर वीकेश ने भाई के ऊपर जान से मारने की नीयत से फायर झौंक दिया। आरोपित को मौके पर खड़े लोगों ने तमंचा व सात कारतूसों के साथ पकड़ लिया। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है।
रिमांड पर लाए आरोपित से पिस्टल बरामद
गौंडा क्षेत्र के गांव कुमरपुर में बच्चों के खेल के विवाद में विगत 30 मई को विवाद हो गया था। विवाद में तीन लोगों के गोली मार दी गई थी। जिसमें सत्यवीर सिंह, मक्खन सिंह व गुलवीर सिंह उर्फ गोलो के गोली लगी थी। घटना के संबंध में देवी सिंह ने नीरज उर्फ नीरू, अनिल उर्फ करुआ के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कराई थी। पुलिस ने अनिल को जेल भेज दिया था। वहीं, नीरज ने न्यायालय में समर्पण किया था। शुक्रवार को एसआइ जसवंत सिंह आरोपित को पांच घंटे की रिमांड पर लाए थे। इंस्पेक्टर विजयकांत शर्मा ने बताया कि नीरज द्वारा फायरिंग में प्रयोग की गई पिस्टल व पांच खोको को उसके बताए अनुसार किनमासा नहर पुल के समीप से बरामद किया है। आरोपित ने तेश में आकर गोली चलाने की बात स्वीकार की है। उसे पुन: जेल भेज दिया गया है।
कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज
इगलास कोतवाली क्षेत्र के गांव तोछीगढ़ निवासी बाला सिंह पुत्र प्रेम सिंह का कहना है कि खाता संख्या 173 रकबा 7.710 हेक्टेयर भूमि में अन्य सह खातेदारों के साथ संयुक्त खातेदार है। इस खाते में जुगेंद्र सिंह व बिजेंद्र सिंह पुत्रगण गंभीर सिंह व अंगूरी देवी पत्नी गंभीर सिंह तीन वटा सोलह के हिस्सेदार हैं। जुगेंद्र सिंह ने अपने हिस्सा एक बटा सोलह के स्थान पर एक वटा नौ भूमि का बैनामा रजनी देवी पत्नी हरिओम निवासी मनीपुर के पक्ष में कर दिया है। आरोप है कि जुगेंद्र सिंह दंबग भू माफिया प्रकृति का व्यक्ति है। इस प्रकरण में कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने अभियोग पंजीकृत किया है।