बाजार में रोता घूम रहा था तीन वर्षीय बच्चा, पुलिस ने परिजनों को तलाश किया सुपुर्द
- घर से खेलते-खेलते पहुंच गया था बाजार, परिजनों ने की पुलिस की जमकर सराहना
गभाना। नगर के बाजार में रोते- बिलखते घूम रहे तीन वर्षीय बच्चे को पुलिस ने ऑपरेशन खुशी के तहत परिजनों की तलाश कर उसे सुपुर्द कर दिया। बच्चे को सकुशल पाकर परिजनों की आंखें खुशी से भर आईं। परिजनों ने थाना पुलिस की जमकर सराहना की है।
दरअसल रविवार को नगर के लाखा बाजार में एक मासूम रोता-बिलखता हुआ परिजनों की तलाश में घूम रहा था। दुकानदारों ने बच्चों बिठाकर उससे घर-परिवार के बारे में जानकारी करनी चाही, लेकिन बच्चा छोटा होने के साथ ही घबराहट के चलते कुछ भी नहीं बता पा रहा था। जिस पर दुकानदारों ने सूचना थाना पुलिस को दे दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और बच्चों को बहलाते हुए परिजनों की तलाश में जुट गई। काफी देर मशक्कत के बाद पुलिस को बच्चे के परिवारीजन मिल गए। जिस पर पुलिस ने मासूम को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों के मुताबिक बच्चे का नाम अरहान पुत्र साकिर निवासी औरंगाबाद जनपद बुलंदशहर है। अरहान अपनी मां सना के साथ कस्बा के मस्जिद वाले मोहल्ला स्थित अपनी ननिहाल आया था। जहां से वह खेलते-खेलते बाजार की तरफ निकला गया। काफी देर तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई, परिजनों ने बच्चे की तलाश में जुटे हुए थे। बच्चे को सकुशल पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना न रहा। उन्होंने थाना पुलिस व इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह की जमकर सराहना की है।