अफसरों के आदेश की अनदेखी पड़ी भारी, खैर के इंस्पेक्टर और सब इंस्पेक्टर लाइन हाजिर
– बरला के प्रभारी सुबोध कुमार को बनाया गया प्रभारी, संजीव को बरला का थानेदार बनाया
अलीगढ़। खैर के प्रभारी निरीक्षक और उप निरीक्षक को अपने उच्चाधिकारियों के आदेशों का अनुपालन न करना खासा भारी पड़ गया। एसएसपी ने देर रात दोनों को लाइन हाजिर कर दिया। खैर कोतवाली में बरला के थाना प्रभारी सुबोध कुमार को नई तैनाती दी है। जबकि थाना हरदुआगंज के तालानगरी चौकी के इंचार्ज संजीव कुमार को बरला थाने के नए थानेदार का चार्ज सौंपा है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार थाना क्षेत्र प्रभारी बृजेश कुमार पर एक माह तक न्यायालय द्वारा कई वर्ष पुराने अपहरण एवंफिरौती से संबंधित एक मुकदमे में जारी कुर्की के आदेश को तामील न करने से संबंधित लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसी मामले में हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक हरपाल सिंह को भी लाइन हाजिर किया गया है। प्रभारी निरीक्षक पर विगत दिनों तहसील खैर में पकड़े गए एक फर्जी एसडीएम प्रकरण में देरी से मुकदमा लिखने एवं कई दिन तक आरोपी को थाने में रखने और उसका गिरफ्तारी रिमांड बनवाने में देरी करने का भी आरोप है। इस प्रकरण में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण पलाश बंसल की जांच में दोषी पाए जाने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने प्रभारी निरीक्षक के खिलाफ लाइन हाजिर की कार्रवाई करने के साथ ही विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार के स्थान पर अब वरला के थाना प्रभारी सुबोध कुमार को खैर थाने की नई जिम्मेदारी दी गई है। जबकि हरदुआगंज थाने की पुलिस चौकी ताला नगरी के प्रभारी संजीव कुमार अब बरला के नई थाना प्रभारी होंगे। इसी तरह खैर के अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक बंशीधर पांडे को क्राइम ब्रांच में स्थानांतरित किया गया है ।