रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

भाजपा नेता के बिगड़े बोल…भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर है दलाल

– खुद पर हमला करवाकर पाना चाहते हैं सुरक्षा- रघुराज सिंह

अलीगढ़। अपने विवादित बयानों से हमेशा चर्चा में रहने वाले उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार राज्य परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त मंत्री ठा. रघुराज सिंह ने शुक्रवार को एक और विवादित बयान दे डाला । भाजपा नेता ने आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद पर पिछले दिनों हुए जानलेवा हमले को फर्जी करार दिया है ।

उन्होंने कहा है कि लोगों की सांत्वना लेने और सुरक्षा पाने के लिए चंद्रशेखर ने खुद पर हमला कराया है, ताकि भविष्य में उसे लोगों की सहानुभूति के साथ ही खुद की राजनीति चमकाने का भी मौका मिल सके। भाजपा नेता ठा. रघुराज सिंह ने चंद्रशेखर उर्फ रावण को दलाल बताते हुए कहा कि ऐसे नेताओं का कोई अस्तित्व नहीं है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री व बसपा सुप्रीमो मायावती का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर को दलाल कहा था। यह लोग समाज का भला नहीं कर रहे बल्कि दलाली करके खुद का भला कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी से बराबरी करनी है तो पहले खुद को वैसा बनाएं । भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर रावण ने बयान दिया है कि मुख्यमंत्री योगी ने उनके ऊपर हुए हमले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। भाजपा नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी की बराबरी करनी है तो चंद्रशेखर को पहले खुद को उनके बराबर बनाना होगा ।

चंद्रशेखर न तो कभी विधायक बने न ही कभी सांसद तो वह किस तरह से मुख्यमंत्री योगी से बराबरी कर सकते हैं ? ऐसे लोगों के लिए भला मुख्यमंत्री क्यों अपनी प्रतिक्रिया देंगे? वह सुरक्षा पाकर खुद को बड़ा नेता दिखाना चाहते हैं। वह आमजनों को भ्रमित करके अपना भला करने वाले हैं, जबकि हिंदू समाज और दलित समाज के लोगों के लिए सबसे ज्यादा काम भाजपा कर रही है।

हमला कोई षड़यंत्र नहीं, खुद ने कराया

दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री ने विवादित बयान देते हुए कहा कि चंद्रशेखर पर हुआ हमला कोई षड्यंत्र नहीं है, बल्कि उन्होंने पूर्व नियोजित खुद पर हमला करवाया है, ताकि उन्हें उनको सुरक्षा मिल सके और वह खुद को बड़े नेताओं की श्रेणी में ला सकें। उन्होंने कहा कि वे चंद्रशेखर को सुरक्षा देने के कतई पक्ष में नहीं है, वह इसका विरोध भी करते हैं।

उन्होंने कहा कि दलालों के साथ आज हिंदू समाज नहीं है। भीम आर्मी चीफ के देश में हालात खराब होने वाले बयान पर राज्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश में किसी की इतनी हिम्मत नहीं है, जो माहौल खराब कर दे या फिर दंगा करा दे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में जो दंगा कराने की कोशिश करेगा, वह सीधे ऊपर नजर आएगा। भाजपा नेता के बयान पर तमाम तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई है। इसको लेकर चंद्रशेखर के समर्थकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं में गहरा आक्रोश है।

उन्होंने भाजपा नेता के इस विवादित बयान की कड़ी शब्दों में निंदा की है और उनसे अपने बयान के लिए चंद्रशेखर से माफी मांगने की मांग की है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!