अलीगढ़ के मंदिरों में आखिर क्यों उमड़ पड़ी भक्तों की भीड़, जानें पूरा मामला
- मंदिरों में भजन- कीर्तन के दौर हुए शुरू
अलीगढ़। महानगर में शुक्रवार देर शाम भगवान शिव के अनन्य भक्त नंदी के गंगाजल और दूध पीने की खबर पर भक्तों की मंदिरों में भीड़ उमड़ पड़ी। दावा किया गया कि नंदी बाबा आश्चर्यजनक रूप से गंगाजल पी रहे हैं। चमत्कार को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान गंगाजल और दूध पिला रहे भक्त भोलेनाथ के जयकारे लगाने लगे। कई मंदिरों में भजन और कीर्तन के दौर भी शुरू हो गए हैं। भक्तजन इसे चमत्कार बता रहे हैं। कुछ श्रद्धालुओं ने अपने घरों के मंदिरों में नंदी बाबा को गंगाजल और दूध पिलाने का दावा किया है। शहर के एटा चुंगी, विकास नगर, सरोज नगर, सुरेंद्रनगर, शांति नगर, रघुवीरपुरी, महावीरगंज आदि स्थानों पर नंदी बाबा को गंगाजल पिलाने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लग गया। लोगों ने नंदी बाबा को धीरे-धीरे चम्मच से गंगाजल पिलाया। यह खबर आसपास के क्षेत्र में पहुंची तो लोगों ने पूजा-अर्चना के साथी भजन कीर्तन करना शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में रावण टीला चेतन आश्रम पर पहुंचकर नंदी बाबा को गंगाजल और दूध पिलाया। भक्तजन इसे भोले शंकर का चमत्कार बता रहे हैं। कुछ भक्तों का कहना है कि सावन मास से पहले भगवान भोले शंकर ने सभी भक्तों को नंदी बाबा के जरिए आशीर्वाद देने को अपना चमत्कार दिखाया है। नंदी बाबा के गंगाजल और दूध पीने की खबर शहर से लेकर देहात तक पहुंच गई। फोन के जरिए लोगों ने एक-दूसरे को इस बारे में बताना शुरू कर दिया। इसको लेकर देहात क्षेत्र के शिव मंदिरों और शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। इससे भक्तजन पूरी तरह से भक्ति में डूब गए। हर तरफ हर -हर महादेव और ॐ नमः शिवाय के मंत्र का जाप सुनाई पड़ा। यह पूरा मामला सोशल मीडिया पर देखने और सुनने को मिल रहा है। इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार भी गर्म है।