रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

साधु की हत्या कर शव जलाने का प्रयास

गंगीरी थाना क्षेत्र के गांव नोगवा में मंदिर में अकेले रहते थे साधु,

-ग्रामीणों ने जमकर किया हंगामा, पुलिस हत्यारों की तलाश में जुटी

अलीगढ़। थाना गंगीरी के क्षेत्र के गांव नोगवा में मंदिर पर रहने वाले एक साधु की निर्मम हत्या कर दी गई। साधु को फंदे से लटकाने के बाद आरोपियों ने उसके शव को जलाने का भी प्रयास किया। सुबह जब गांव के लोगों ने मंदिर के बाहर शव को लटकता हुआ देखा तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद एसएसपी कलानिधि नैथानी समेत विभिन्न आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार गंगीरी थाना क्षेत्र के गांव नोगवा में एक प्राचीन शिव मंदिर है। यहां पर साधु रामदास (70) पिछले कई सालों से अकेले रहते हैं और मंदिर की सेवा करते हैं। शनिवार सुबह उनका शव मंदिर के बाहर पेड़ से लटका हुआ था। वहीं लटके हुए शव के नीचे आग भी जली हुर्इ थी, जिससे यह प्रतीत हो रहा था कि उनकी हत्या करके शव को लटकाया गया है और फिर उसे जलाने की भी कोशिश की गई है। घटना पूरे गांव में आग की तरह फैल गई और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। जिसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्दी ही घटना का खुलासा किया जाएगा और सख्त कार्रवाई होगी।

परिजनों और ग्रामीणों ने लगाया हत्या का आरोप

घटना के बाद मृतक साधु के परिजन और बेटे भी मौके पर पहुंच गए। वह दादों में रहते हैं और उन्होंने साधु की हत्या का आरोप लगाया है। इसके साथ ही ग्रामीण भी साधु की हत्या की बात कह रहे हैं और हत्यारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं घटना के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है और परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फांरेंसिक टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए हैं और एसएसपी ने जांच के लिए तीन टीमों का गठन कर दिया है।

एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच के लिए टीमों का गठन किया गया है। जल्दी ही पुलिस घटना का खुलासा करेगी और जो भी आरोपी सामने आया, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!