रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार चौमुंहा के युवक की मौत

गभाना। नेशनल हाईवे पर महरावल पुल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार सवार चौमुंहा के युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव चौमुंहा निवासी रामजीलाल का 25 वर्षीय इकलौता बेटा सोनपाल मेहनत मजदूरी करता था। मंगलवार की देर शाम को वह बाइक से अलीगढ़ के थाना बन्नादेवी के नगला कलार स्थित अपनी ससुराल से पत्नी आशा को बुुलाने के लिए जा रहा था। जैसे ही वह हाईवे पर महरावल पुल व जिरौली मोड़ के समीप पहुंचा तभी पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।

जिसमें वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल को उपचार को अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पाकर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बुधवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम ककराकर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक ने पांच माह की बच्ची का पिता था।

घर पर अवैध कब्जे करने का किया प्रयास, विरोध पर महिलाओं को मारपीट कर किया घायल 

गभाना। थाना क्षेत्र के गांव हुर्सेना में नामजदों ने एक महिला के घर पर अवैध रूप से घर में कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध पर आरोपियों ने सास- वहू समेत तीन महिलाओं को मारपीट कर घायल कर दिया।

हुर्सेना गांव निवासी आशमा बेगम पत्नी कादिर ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसके चचिया ससुर चमन, कमरूद्दीन, चचिया सास परवीन, नगीना व उनके बेटे अमन, साजिद, शाहिल, अरमान, रिहान व बेटी रूखसार आदि लाेग उसके घर पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं। बीती 23 जुलाई की रात को उक्त सभी लोग उसके घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उक्त आरोपियों ने लाठी-डंडे व हॉकी से उसके साथ मारपीट कर डाली। बीच-बचाव में आई सास जायदा बेगम व बहन आयशा के साथ भी मारपीट कर डाली। जिसमें तीनों घायल हो गई। शोर-शराबा सुनकर आस-पड़ोस के लोग एकत्रित हो गए जिन्हें देखकर आरोपी तीन दिन में मकान खाली न करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर दस लोगों के मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

ओगर में युवक को मारपीट कर किया घायल

गभाना। क्षेत्र के गांव ओगर नगला राजू में घर में सो रहे युवक को नामजदों ने लाठी-डंडों व सरिया से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिसे परिजनों ने उपचार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

ओगर नगला राजू गांव निवासी डिगंबर सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि मंगलवार रात्रि में बेटा दीपक घर पर अंदर सो रहा था। तभी गांव के श्रीपाल, विकास, पुष्पेंद्र आदि गाली-गलौज करते हुए घर में घुस आए। बेटा ने गाली ने देने से मना किया तो आरोप है कि उक्त लोगों ने लाठी-डंडे व सरिया से मारपीट करते हुए दीपक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर-शराबा सुनकर परिजन व पड़ोस के लोग मौके पर पहुंच गए। जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। बेटा को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उसका उपचार जारी है। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जांच की जा रही है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!