हाईवे पर मैक्स अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलटी, चालक हुआ घायल
गभाना। गाजियाबाद-अलीगढ़ हाईवे पर गांव पला सल्लू के पास मैक्स पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में मैक्स चालक घायल हो गया। जिसे पुलिस ने उपचार को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की देर रात्रि में गाजियाबाद निवासी कुलदीप कुमार मैक्स पिकअप गाड़ी को लेकर अलीगढ़ जा रहा था। जैसे ही वह गाजियाबाद-अलीगढ़ हाईवे पर गांव पला सल्लू के निकट पहुंचा तभी किसी वाहन को बचाने के प्रयास में मैक्स अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए कई पलटा खाकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में चालक कुलदीप कुमार घायल हो गया। घटना के बाद राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल को गाड़ी से बाहर निकलवाकर भांकरी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया।