एएमयू प्रकरण में लापरवाही की क्वार्सी इंस्पेक्टर पर गिरी गाज, निलंबित
- एसएसपी कलानिधि नैथानी ने एसपी सिटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर की कार्रवाई, प्रमेंद्र बने क्वार्सी इंस्पेक्टर
अलीगढ़। एएमयू में पिछले दिनों हुए बवाल के मामले में तत्कालीन इंस्पेक्टर सिविल लाइंस एवं वर्तमान इंस्पेक्टर क्वार्सी प्रवेश राणा के ऊपर कार्रवाई की गाज गिर गई। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने शनिवार को निलंबित कर दिया। जबकि वहां अतरौली के इंस्पेक्टर प्रमेंद्र कुमार को नया थाना प्रभारी बनाया है, वहीं गैर जनपद से आए रणजीत सिंह को अतरौली इंस्पेक्टर बनाया है। क्वार्सी इंस्पेक्टर प्रवेश राणा पर थाना सिविल लाइंस में तैनाती के दौरान एएमयू में दो समुदाय से जुडे़ एक मामले में लीपा- पोती करने एवं केवल आरोपियों पर निरोधात्मक कार्रवाई करने एवं अफसरों को एक महीने तक प्रकरण की जानकारी तक नहीं देने का आरोप है।
एएमयू हॉस्टल में एक ढ़ाबा संचालक के साथ दूसरे समुदाय से जुड़े युवकों द्वारा खींचकर ले जाने एवं उसके साथ दुव्र्यहार एवं मारपीट करने के इस प्रकरण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसका संज्ञान लेते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इसी प्रकरण को लेकर बुधवार को दो समुदायों से जुड़े छात्र अामने-सामने आ गए थे। एएमयू सर्किल पर इसको लेकर घंटों बबाल चला था।
इससे पुलिस-प्रशासनिक अफसरों के होश उड़ गए थे। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने प्रकरण संज्ञान में आने पर एसपी सिटी कुलदीप गुनावत को जांच सौंपी थी। उन्होंने एसएसपी काे रिपोर्ट दी तो उन्होंने शनिवार देर शाम इंस्पेक्टर क्वार्सी प्रवेश राणा को दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही विभागीय जांच करने के आदेश दिए हैं। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार प्रवेश राणा के स्थान पर अतरौली में तैनात प्रमेंद्र कुमार को नया थाना प्रभारी बनाया गया है। जबकि दूसरे जनपद से आकर आमद कराने वाले रणजीत सिंह को अतरौली थाने की कमान सौंपी है।