घास काटने गई दो किशोरियों के साथ की मारपीट, जातिसूचक शब्दों से किया अपमानित
खैर। क्षेत्र के गांव भोज नगरिया में खेतों पर घास काटने गई दो किशोरियों के साथ नामजदों ने जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते मारपीट कर डाली। मामले में किशोरी के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भोज नगरिया निवासी गुड्डू ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 27 जुलाई को उसकी 16 वर्षीय बेटी छाया पड़ोस की ही सुमन के साथ पशुओं को घास काटने के लिए जंगल में खेतों में गई थी। जहां पर वह तेहरा गांव निवासी मदनलाल शर्मा के खेत में घास काटने लगी। तभी पहले से जातिगत रंजिश मानने वाले गांव के ही आशीष व दिनेश ने मदनलाल को फोन करके बुला लिया। आरोप है कि तीनों लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर पहुंच गए और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए गाली-गलौज करने लगे। विरोध में तीनों ने बेटी व उसकी सहेली के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर डाली। शोर-शराबा सुनकर आस-पास खेतों पर काम कर रहे लोग मौके पर पहुंच गए। जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। इंस्पेक्टर सुबोध कुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, मामले में जांच की जा रही है।