स्वर्णकार व उसके बेटों पर जानलेवा हमला करने के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल
खैर। कस्बा में रविवार को स्वर्णकार व उसके चार बेटों पर जानलेवा हमला करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इंस्पेक्टर सुबोध कुमार के अनुसार कस्बा के मोहल्ला शिकरवार निवासी गिर्राज किशोर वर्मा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया था कि रविवार को वह कस्बा के सुभाष मार्ग स्थित अपनी मनीष ज्वैलर्स नाम की दुकान पर बेटे मनोज व मनीष के साथ बैठा हुआ ग्राहकों ज्वैलरी दिखा रहा था। इसी दौरान पड़ौस का ही दुकानदार प्रमोद वर्मा उर्फ बबली, उसके बेटे आशु वर्मा, अमित वर्मा, वासु वर्मा, हिमांशु व सुमित हाथों में लाठी-डंडे, सरिया, चाकू व कुल्हाड़ी लेकर दुकान में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए तीनों के साथ मारपीट करने लगे।
इसी बीच शोर शराबा सुनकर उनका तीसरा बेटा जितेंद्र वर्मा उन्हें बचाने पहुंचा तो उक्त आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर डाली थी। आस-पास के लोगों को इकट्ठा होता देख उक्त आरोपी बाइक लेकर सोमना रोड निकट छोटा चौराहा स्थित दुकान पर पहुंच गए जहां पर उसके बेटा प्रमोद के सिर में कुल्हाड़ी मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था और उसे मरा हुआ समझकर भाग गए थे।
इंस्पेक्टर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर सोमवार को पुलिस ने आरोपी हिमांशु वर्मा पुत्र प्रमोद कुमार वर्मा को सोमना तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। जिसे कोर्ट में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि शेष आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।