रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

सोमना स्टेशन के पास ट्रेन से गिरकर युवक की मौत, नहीं हो सकी पहचान

गभाना। कानपुर-दिल्ली रेलवे लाइन पर सोमना स्टेशन के पास किसी ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। जिस पर जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी में रख दिया है।

जीआरपी खुर्जा जंक्शन के उपनिरीक्षक बृजमोहन ने बताया कि सोमवार सुबह रेलवे कर्मियों ने कानपुर-दिल्ली अप व तीसरे लाइन के मध्य एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना दी। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी है। मृतक की जेब से केवल बिहार के भभुआ रोड से नई दिल्ली तक यात्रा की टिकट मिली हैं। उन्होंने बताया कि मृतक ने काले रंग की जींस की पेंट, काले रंग की फुल बाजूदार टी-शर्ट पहन रखी है, जबकि उसके बाएं पैर में काले रंग का धागा बंधा हुआ है। उन्होंने बताया कि मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, फिलहाल शव को पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।

घेर में बंधी भैंस चोरी

लोधा। थाना क्षेत्र के गांव गोविंदपुर फगोई में रविवार रात्रि में चोर एक किसान के घेर में बंधी भैंस को चोरी कर ले गए। मामले में पीड़ित किसान ने थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

गोविंदपुर फगोई निवासी विनोद कुमार की हर दिन की भांति घेर में भैंस बंधी हुई थी, जबकि वह कुछ दूरी पर ही सो रहे थे। देर रात्रि में चोर घेर में घुस गए और खूंटे पर बंधी भैंस को चुराकर ले गए। सोमवार सुबह जब विनोद पशुओं को चारा डालने के जगे तो खूंटा पर भैंस न पाकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने ग्रामीणों के साथ भैंस को इधर-उधर काफी तलाश किया, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। मामले में पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस पीड़ित की तहरीर के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!