पुलिस ने अंतर्जनपदीय वाहन चोरी गैंग का किया खुलासा, तीन चोरों को चोरी की बाइकें समेत किया गिरफ्तार
अलीगढ़। थाना गंगीरी पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर अंतर्जनपदीय वाहन चोर गैंग का खुलासा किया है। चोरों के कब्जे से चोरी की चार बाइकें भी बरामद की है।
थाना प्रभारी गंगीरी संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर गश्त कर रही थी। तभी मुखबिर की सूचना पर मझौला बंबा की पटरी के पास से तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में तीनों ने अपने नाम नितिन पुत्र ओमवीर निवासी यादव नगर गंगीरी, अजय पुत्र केहरी सिंह निवासी रजगहीला गंगीरी, अंकुर पुत्र जितेंद्र सिंह बताया। उनके कब्जे से चोरी की गई चार बाइक बरामद हुई हैं।
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वह गैंग बनाकर वाहन चोरी करते थे और फिर इसे कुछ दिन तक अपने पास ही रखते थे। इसके बाद नंबर प्लेट बदलकर इसे दूसरे जनपदों में बेच देते थे।
अलीगढ़ के अलावा अन्य जनपदों में भी चोरी के वाहन खरीदने-बेचने वालों से इनके संपर्क हैं। एक- दो महीने तक वाहनों का कोई खरीददार नहीं मिलता था तो पहले यह उसे खुद ही इस्तेमाल करते थे। इसके बाद वाहनों को कटवाकर उसका रुपया वसूल कर लेते थे।
गिरफ्तार करते वाली पुलिस टीम में एसआई मनु यादव, हेड कांस्टेबल सचिन कुमार, हेड कांस्टेबल अरुण कुमार, कांस्टेबल गौरव सोम मौजूद रहे।