एडीजी जोन आगरा ने लोधा थाना में हॉस्टल व विवेचना कक्ष का किया उद्घाटन
- ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक कर पढ़ाया कर्तव्यों का पाठ
लोधा। एडीजी जोन आगरा अनुपम कुलश्रेष्ठ ने मंगलवार को थाना में नवनिर्मित हॉस्टल (बैरक) व विवेचना कक्ष का फीता काटकर व शिला पट्टी का अनावरण कर उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर में भ्रमण करने के साथ ही सघन पौधरोपण भी किया। उन्होंने अधीनस्थों को कानून व्यवस्था को और भी दुरूस्त कराने के लिए निर्देशित भी किया।
पुलिस महानिदेशक जोन आगरा अनुपम कुलश्रेष्ठ ने लोधा थाना में नवनिर्मित 16 कर्मियों के लिए हॉस्टल/बैरक तथा विवेचना कक्ष का उद्घाटन किया गया। इस दौरान थाना का निरीक्षण कर अभिलेखों का रखरखाव, सीसीटीएनएस कक्ष, हवालात, मालखाना, गैंगचार्ट, बीट बुक, कंप्यूटरीकृत अभिलेखों के संबंध में डाटा की अद्यावधिक स्थिति, थाना परिसर/कार्यालय की साफ-सफाई को देखा।
उन्होंने थानों में ई- एफआईआर की संख्या बढ़ाने, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी करने, अधिक से अधिक बीट सूचनाएं अंकित करने, गोवध से संबंधित आरोपियों पर गैंगस्टर में कार्रवाई करने, पुरस्कार घोषित व गैंगस्टर अधिनियम के वांछितों की शीघ्र गिरफ्तारी, सोशल मीडिया की मॉनीटरिंग, गुमशुदाओं की शीघ्र बरामदमी, साइबर संबंधी अपराधों में आमजन को जागरुक करने, जनसुनवाई कर पीड़ितों की समस्याओं के निस्तारण, मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला हेल्प डेस्क पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) के साथ बैठक कर उनसे जानकारी जुटाने के साथ ही उनकी समस्याओं को भी सुना। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरी पुलिस की अहम कड़ी होते हैं। वह अपने कर्तव्यों को समझते हुए छोटी से छोटी घटनाओं की भी सूचना तत्काल पुलिस को दें। वहीं कोतवाली नगर में उन्होंने त्रिनेत्र कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने संभ्रात नागरिकों धर्मगुरुओं के साथ पीट कमेटी की बैठक कर सभी से आपसी भाईचारा, शांति एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाये रखने की अपील की गई । उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक और भड़काऊ पोस्ट को बिना किसी जांच पड़ताल के शेयर न करें, किसी भी समाज विशेष के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं करें। ऐसा करने वालों के तथा किसी भी प्रकार की भ्रामक अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
इस दौरान डीआजी शलभ माथुर, एसएसपी कलानिधि नैथानी, एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक, एसपी देहात पलास बंसल, एसपी ट्रैफिक मुकेशचंद्र उत्तम, एसपी क्राइम रजनी, सीओ गभाना सुमन कनौजिया आदि मौजूद रहे।