रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

रोटावेटर की चपेट में आने से हुई किसान की मौत

इगलास। कोतवाली क्षेत्र के गांव भूरंगा में खेत की जुताई करा रहे एक किसान की रोटावेटर की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद मृतक किसान के परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार गांव भूरंगा निवासी 45 वर्षीय किसान विजय सिंह पुत्र रणधीर सिंह बुधवार की देर शाम को खेत पर रोटावेटर से जुताई करा रहे थे। वह खेत की मेड़ पर खड़े हुए थे तभी एक सांड हमलावर होते हुए उनकी ओर आने लगा। सांड से बचने के चक्कर में वह ट्रैक्टर से टकराते हुए रोटावेटर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए कस्बा के लक्ष्मण देवदत्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।

हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने अलीगढ़ रेफर कर दिया। परिजन उन्हें अलीगढ़ अस्पताल में लेकर पहुंचे जहाँ  डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद मृतक किसान के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक ने अपने पीछे पत्नी नीतू देवी, बेटा करन सिंह, विष्णु व दानवीर को रोते-बिलखते हुए छोड़ा है। वहीं आवारा गोवंशों को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन आवास गोवंश किसानों व ग्रामीणों में हमला कर घायल कर रहे हैं, शिकायतों के बाद भी शासन प्रशासन ग्रामीणों को गोवंशों के आतंक से निजात नहीं दिला पा रहा है। उन्होंने क्षेत्र के आवारा गोवंशों को जल्द से जल्द पकड़वाकर गोशाला भिजवाने की मांग की है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!