उल्लास से मनाया गया अहोई अष्टमी का पर्व, महिलाओं ने बच्चों के लिए रखा व्रत
अलीगढ़। जिलेभर में रविवार को अहोई अष्टमी का पर्व परंपरागत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह देखा गया। माताओं ने अपनी संतानों की दीर्घ आयु, उन्नति व उनके स्वस्थ्य जीवन को लेकर निर्जला व्रत रखा।
शाम को अहोई माता की पूजा-अर्चना कर कहानी सुनकर व्रत की परंपरा निभाई और तारों की अर्घ देकर एवं अपने बच्चों की आरती उतारकर व्रत का विधिवत समापन किया। घरों में माताओं ने विभिन्न तरह के व्यंजन भी तैयार किए। वहीं बच्चों ने अपनी माताओं से आशीर्वाद लेते हुए उन्हें उपहार भेंट किए।