रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

मर गई मां की ममता, नवजात को खेत में छोड़ गई

लोधा। थाना क्षेत्र गांव इस्माइलपुर में मां की ममता को शर्मशार कर देने का मामला सामने आया है। आखिर एक मां इतनी निर्दयी कैसे हो सकती है कि अपनी कोख से जन्म लेने वाली नवजात बच्ची को खेत में पड़े धान के प्याल में मरने के लिए छोड़कर चली गई। बच्ची के रोने की आवाज जब राहगीरों काे सुनाई दी तो वहां पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। एक परिवार बच्ची को अपने घर ले गया, लेकिन सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और बच्ची को अपने कब्जे में ले लिया और उसका डॉक्टरी परीक्षण कराने के लिए जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां पर बच्ची को पूरी तरह स्वस्थ्य बताया जा रहा है।

क्षेत्र के गांव इस्माइलपुर रविवार को खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों को धान के प्याल से एक बच्चे की रोने की आवाज सुनाई दी। जिस पर ग्रामीणों ने जाकर देखा तो चंद घंटे पहली एक नवजात बच्ची धान के प्याल में भूख प्यास से व्याकुल रो रही थी।

खेत में नवजात बच्ची के पड़ा होने की सूचना आस-पास क्षेत्र में जंगल में आग की तरह से फैल गई। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और बच्ची के मां की तलाश करने लगे, लेकिन मां का कहीं पता नहीं चल सका। जिस पर गांव का ही एक ब्राह्मण परिवार उसे अपने साथ घर ले गया। जिसके बाद उन्होंने बच्ची को दूध पिलाया और उसकी देखरेख करने लगे। परिजनों कहना था कि यदि कोई बच्ची की लेने कोई नहीं आया तो वह खुद ही बच्ची का पालन पोषण करेंगे।

सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया करते हुए बच्ची को अपने कब्जे में ले लिया और फिर जिला महिला अस्पताल में उसका परीक्षण कराया। लोधा थाने की महिला कांस्टेबल ने भी मां की तरह बच्ची की देखरेख की और अस्पताल में उसे दुलराती नजर आई। वहीं दूसरी ओर थाना प्रभारी समेत मौके पर मौजूद हर पुलिसकर्मी बच्ची को दुलराता नजर आया। जिसके बाद बच्ची को चाइल्डलाइन के सुपुर्द कर दिया गया है।

पुलिस गांव और आसपास के क्षेत्र में पिछले दो दिन में हुए बच्चों का पता लगाने में जुटी है। इसके साथ ही लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, जिससे कि बच्ची के माता- पिता का पता लगाया जा सके। अगर बच्ची के माता-पिता नहीं मिले तो फिर उसे कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद किसी निसंतान दंपत्ति को गोद दे दिया जाएगा। इंस्पेक्टर विपिन कुमार ने बताया कि बच्ची पूरी तरह से स्वस्थ है। उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद उसे चाइल्डलाइन को सौंप दिया गया है। जिससे उसकी बेहतर देखरेख हो सके। बच्ची के परिजनों की तलाश की जा रही है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!