रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

खाते में आए 4.78 करोड़ रुपये, युवक के उड़े होश

- कोतवाली नगर क्षेत्र के भुजपुरा का मामला डर के चलते युवक ने दो दिन नहीं खाया खाना - बैंक में सुनवाई न होने पर पुलिस की ली मदद, साइबर टीम जांच में जुटी

अलीगढ़। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के भुजपुरा के युवक के बैंक खाते में पिछले दो दिन में 4.78 करोड़ रुपये आ चुके है। 11 नवंबर से लगातार बैंक खाते में रुपये जमा होने का मैसेज आ रहा है । इससे वह काफी परेशान है। बैंक अधिकारियों द्वारा इस मामले में कोई मदद न करने से परेशान होकर पीड़ित ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। अब इस मामले में पुलिस की साइबर टीम जांच में जुट गई है।

कोतवाली नगर क्षेत्र के भुजपुरा के असलम अपने परिवार के साथ रहते हैं। असलम के अनुसार उनके आईडीएफसी एवं यूको बैंक शाखा में अलग-अलग खाते हैं। आईडीएफसी बैंक के खाते में 11 नवंबर से अब तक चार करोड़ 78 लाख रुपये आ चुके हैं। इतना ही नहीं इस खाते से उनके यूको बैंक के खाते में लगातार आ रहे रुपये ट्रांसफर भी हो रहे हैं। दोनों ही बैंक शाखाओं से उनके मोबाइल फोन पर मैसेज आ रहे हैं।

इस बारे में उन्होंने दोनों ही बैंक शाखाओं के प्रबंधकों को फोन पर जानकारी दे दी है। असलम का आरोप है कि शिकायत के बाद भी बैंक अधिकारी पूरे मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।

उन्होंने यूको बैंक के शाखा प्रबंधक से बात की है। उन्होंने त्योहार की छुट्टी के बाद आधार, पैन कार्ड के साथ बैंक में बुलाया है, ताकि खाते को फ्रीज किया जा सके। असलम इतनी बड़ी रकम एक साथ बैंक खाते में आने से काफी हैरान है। उन्हें डर सता रहा है कि पुलिस अथवा बैंक उनके खिलाफ किसी तरह की कोई कार्रवाई न कर दे।

इसी डर के चलते असलम ने दो दिन से खाना भी नहीं खाया है और उसे रात में ठीक से नींद भी नहीं आ रही है। परेशान होकर असलम ने पहले पुलिस कंट्रोल रूम 112 एवं सीएम पोर्टल पर कॉल कर जानकारी दी। फिर कुछ ही देर में वह कोतवाली नगर थाने में पहुंच गए।

पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रथम अभय पांडेय के अनुसार पीड़ित युवक असलम के बैंक खातों में लगातार आ रहे रुपयों को लेकर की गई शिकायत पर साइबर टीम जांच में जुटी हुई है। टीम यह पता करने में जुटी है कि आखिर रुपये कहां से और किसके द्वारा भेजे जा रहे हैं। इसमें बैंक अधिकारियों की भी मदद ली जा रही है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!