अन्नकूट को लेकर सब्जियों की कीमतें आसमान पर पहुंची
अलीगढ़। दीपावली के बाद घर-घर गोवर्धन पूजन के साथ अन्नकूट का प्रसाद बनाने की तैयारियां सुबह से ही शुरू हो गईं। अन्नकूट की सब्जी पर इस बार मंहगाई का काफी असर देखने काे मिला। बीते वर्ष 60 से 70 रुपये प्रतिकिलाे तक बिकी सब्जी इस बार 100 रुपये किलो तक जा पहुंची । किसानों ने मंडियों में बढ़ी हुई कीमत में सब्जियां उतारीं।
हालांकि, अन्नकूट का धार्मिक महत्व होने और त्योहार की खुमारी के चलते खरीदारी पर बढ़ी हुई कीमत का कोई असर नहीं देखा गया। गाेवर्धन पर्व पर घर एवं मंदिरों में अन्नकूट का प्रसाद बनता है। जगह-जगह भंडारे भी होते हैं । इस पर्व पर सभी तरह की सब्जियों की मांग रहती है। सुबह होते ही लोग सब्जियां लेने घरों से निकल गए।
शहर के सभी प्रमुख मार्गों दुबे का पड़ाव, रामघाट रोड, क्ववार्सी चौराहा, पीएसी रोड के अलावा ग्रामीण अंचल में सड़क किनारे सब्जियों की ठेल, ढकेल सजी नजर आयीं। फड़ लगाकर भी सब्जियां बेची जा रही थीं। धनीपुर सब्जी मंडी में भी लोगों की भीड़ रही। मंडी में अधिकांश वो लोग थे, जो भंडारे का आयोजन करा रहे थे।
अन्य दिनों की अपेक्षा सब्जी की कीमत में उछाल था। आलू, मटर, परमल, अदरक, गाजर पर पहले ही कीमत बढ़ी हुई है। टमाटर पर भाव 80 के पार जा पहुंचे। आम दिनों में बाजार में 50 रुपये किलो टमाटर की कीमत थी। सब्जियों के थोक व्यापारी मुन्ना ने बताया कि त्योहार पर सब्जियों की मांग बढ़ जाती है। इसीलिए फुटकर बाजार में दुकानदार भाव बढ़ाकर सब्जी बेचते हैं। किसान भी कीमत बढ़ाकर मंडियों में सब्जियां उतारते हैं।