अवैध रूप से चल रही मीट की दुकानों को एसडीएम व सीओ ने कराया बंद
इगलास। कस्बा में अवैध रुप से चल रही मीट की दुकानों को एसडीएम महिमा राजपूत व सीओ डाॅ. केजी सिंह ने संयुक्त रूप से चेकिंग करके बंद करने के निर्देश दिए हैं।
गुरुवार को कस्बा में अवैध रुप से मीट की दुकानों को संचालित करने की शिकायत पर एसडीएम व सीओ ने खाद्य निरीक्षक के साथ चेकिंग की। चेकिंग के दौरान दुकानदारों से लाइसेंसों की जांच की तो काटकर मीट बिक्री करने का लाइसेंस नहीं मिला। प्रशासनिक अधिकारियों ने अवैध रूप से दुकानों का संचालन कर रहे दुकानदारों को चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि बिना लाइसेंस के मीट की दुकानों को चलता हुआ पाया जाएगा तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं कस्बा के प्रबुद्ध लोगों के मध्य चर्चा थी कि जब दुकानदार पर मीट काटकर बिक्री का लाइसेंस नहीं था तो फिर खाद्य निरीक्षक द्वारा क्यों अनदेखी की जा रही थी। जबकि इस संबंध में शिकायत समय-समय पर लोगों द्वारा की जाती रही हैं। विदित रहे कि मीट की दुकानें पथवारी मंदिर वाले मार्ग व शिव मंदिर को जाने वाले मार्ग के इर्द-गिर्द ही संचालित हैं। मंदिरों में पूजा अर्चना करने जाने वाले लोगों को परेशानी होती है।
विज्ञापन
