बाइक सवार दो दोस्तों को कैंटर ने मारी टक्कर, एक युवक की मौत
अलीगढ़। थाना गांधीपार्क क्षेत्र में बौनेर तिराहे के पास बाइक सवार दो दोस्तों को कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक कैंटर मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार एटा के थाना जैथरा के गांव धुमरी निवासी 42 वर्षीय मनोज गुप्ता पुत्र प्यारेलाल रविवार रात को अपने साथी अनुज के साथ बाइक से दादरी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह बौनेर तिराह के समीप पहुंचे तभी पीछे से तेज गति से आ रही कैंटर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार दोनों युवक गिर पड़े। हादसे में मनोज की कैंटर के नीचे आकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अनुज घायल हो गया। हादसे के बाद राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पाकर इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही शव को मोर्चरी भिजवा दिया। उधर हादसे के बाद आरोपी कैंटर को छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में ले लिया। सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। मृतक ने अपने पीछे पत्नी व एक बेटी को रोते बिलखते हुए छोड़ा है।
विज्ञापन
