दो बाइकों की आमने सामने हुई भिड़ंत, मां-बेटा समेत तीन की मौत
अलीगढ़। थाना छर्रा क्षेत्र मे अतरौली मार्ग पर गांव भुड़िया रामपुर के पास शुक्रवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक पर सवार मां-बेटा व दूसरी बाइक पर सवार एक युवक की मौत हो गई। वहीं हादसे में दो युवक भी घायल हो गए। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है तथा घायल युवकों को उपचार को अस्पताल में भर्ती कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार हाथरस के थाना सिंकदराराऊ के गांव इशेपुर निवासी 42 वर्षीय रीना पत्नी पप्पू अपने इकलौते 18 वर्षीय बेटा सचिन के साथ अतरौली के गांव औरेनी दलपतपुर स्थित अपनी ननद के यहां से बाइक से गांव लौट रही थी। बाइक को बेटा सचिन चला रहा था। जैसे ही वह छर्रा क्षेत्र में अतरौली मार्ग पर गांव भुड़िया रामपुर के समीप पहुंचे तभी सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार मां-बेटा के अलावा दूसरी बाइक सवार अरमान पुत्र शमशाद, तयूब पुत्र अफजाल, अब्दुला निवासी ढेडी नीम ब्राह्मणपुरी अतरौली गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने मां रीना, उनके बेटा सचिन व 22 वर्षीय अरमान को मृत घोषित कर दिया। वहीं तयूब व अब्दुला की हालत गंभीर देखते हुए जेएन मेडिकल काॅलेज के लिए रेफर कर दिया। हादसे की खबर पाकर मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।