रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

जमीन की पैमाइश के लिए कानूनगो मांग रहा था रिश्वत, एंटी करप्शन टीम ने दबोचा

- इगलास तहसील में तैनात कानून को महंगा पड़ा तीन हजार रुपये की रिश्वत लेना - किसान की शिकायत पर चाय की दुकान से रंगे हाथ रिश्वत लेते हुए पकड़ा

अलीगढ़। भले ही प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार का जोर जीरो टोरलेन्स पर है लेकिन जिले में जमीनों की पैमाइश करने को लेकर राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार एवं रिश्वतखोरी पूरे चरम पर है। ऐसे ही एक मामले में इगलास तहसील के गोरई क्षेत्र के एक किसान से तीन हजार रुपये की रिश्वत लेने वाले एक कानूनगो को एंटी करप्शन की टीम ने रंगे हाथ रिश्वत लेते हुए शुक्रवार को दबोच लिया।

आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। आरोप है कि कानूनगो स्तर से जमीन से संबंधित एक प्रकरण में पैमाइश करने के लिए यह रिश्वत मांगी जा रही थी। इस संबंध में पीड़ित किसान ने भ्रष्टाचार निरोधक संगठन (एंटी करप्शन आर्गेनाइजेशन) से थाने पर जाकर कानूनगो की शिकायत की थी। इस पर एंटी करप्शन थाने के प्रभारी देवेंद्र सिंह और उनकी टीम सक्रिय हो गई। उन्होंने अपना जाल बिछाते हुए किसान को रसायन लगे नोट दिए और उन्हें राजस्व निरीक्षक को देने के लिए कहा।

कानूनगों ने शुक्रवार दोपहर पीड़ित किसान को तहसील परिसर स्थित एक चाय की दुकान पर बुलाया। जैसे पीड़ित ने रसायन लगे तीन हजार रुपये राजस्व निरीक्षक (कानूनगो )को दिए, तभी एंटी करप्शन की टीम ने उसे दबोच लिया। राजस्व निरीक्षक को दिए गए नोटों के नंबर पहले से ही टीम के पास अंकित थे। नोटों का नंबर मिलाने के बाद आगे की कार्रवाई हुई। टीम आरोपी को लेकर सीधे थाना सासनीगेट पहुंची।

जहां आरोपी कानूनगो से कड़ी पूछताछ की गई। एंटी करप्शन थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह के अनुसार प्रकरण में पीड़ित की शिकायत पर जांच की गई थी। इसके बाद योजना तैयार कर आरोपी राजस्व निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि रिश्वत और भ्रष्टाचार जैसे प्रकरण में पीड़ित का नाम और पता पूरी तरह से गोपनीय रखा जाता है, ताकि उस पर किसी तरह का दबाव न बनाया जा सके।

किसान को करानी थी जमीन की पैमाइश

तहसील इगलास क्षेत्र के गोरई निवासी पीड़ित किसान को अपनी जमीन की पैमाइश करानी थी। जिसके आधार पर राजस्व अभिलेखों में सही नपत दर्ज कराना चाहता था। राजस्व निरीक्षक ने उससे तीन हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। सबसे खास बात है कि पिछले सप्ताह ही

इगलास के सीओ डॉ. केजी सिंह ने तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में मौजूद कर्मचारियों को चेताया था कि किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से परेशान न करें। एंटी करप्शन विभाग की टीम सतर्क है। अगर किसी भी कर्मचारी द्वारा किसी पीड़ित को रिश्वत लेने के लिए परेशान किया गया तो उसका नुकसान हो सकता है। इस चेतावनी के बाद भी राजस्व निरीक्षक ने रिश्वत लेने से पहले एक बार भी नहीं सोचा।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!