रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

हाईवे पर कंटेनर में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

गभाना। नेशनल हाईवे पर जनपद के बार्डर पहावटी मोड़ के पास सोमवार देर रात में शॉर्ट सर्किट के चलते एक कंटेनर में आग लग गई। गनीमत रही कि समय रहते चालक ने कूदकर खुद की जान को बचा लिया, नहीं तो बड़ा हादसा भी हो सकता था। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

मिली जानकारी के अनुसार कानपुर देहात देवेंद्र सोमवार को कंटेनर में इंदौर से एक नामी कंपनी की पानी की मोटरें लेकर हापुड़ के लिए जा रहे थे। देर शाम को उन्होंने कंटेनर को पहावटी मोड़ स्थित एक ढाबा के पास खड़ा कर दिया। वह खाना खाकर वापस कंटेनर पर आ गए और केबिन में सो गए। कुछ देर बाद ही शॉर्ट सर्किट के चलते केबिन में आग लग गई।

जिस पर उनकी आंख खुल गई और वह कंटेनर कूदकर भाग खड़े हुए और शोर मचा दिया। शोर-शराबा सुनकर आस-पास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और आग को बुझाने का प्रयास किया। देखते ही आग ने बिकराल रूप धारण कर लिया। सूचना पर गभाना, चंडौस व अरनियां थाना पुलिस के अलावा फायरब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग को बुझाया, लेकिन तब तक कंटेनर का केबिन व लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

error: Content is protected !!