भूख के खिलाफ एक मुहिम : शादी की सालगिरह पर जरूरतमंदों के लिए भोजन सेवा
इगलास। समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय श्री मुरलीवाला युवा सेवा समिति (रोटी बैंक ) द्वारा चलाए जा रहे “भूख के खिलाफ मुहिम” के तहत एक विशेष पहल देखने को मिली। संस्था के सक्रिय सदस्य रवि वर्मा व कामिनी वर्मा ने अपनी 21वीं वैवाहिक वर्षगांठ को जरूरतमंदों की सेवा में समर्पित कर एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की।
इस अवसर पर इगलास में श्री मुरलीवाला की रसोई में लोगों के लिए छोले-चावल, सलाद आदि का भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया। दंपति द्वारा इस आयोजन में सहभागिता कर यह संदेश दिया गया कि खुशियों को यदि दूसरों के साथ बांटा जाए तो वह और भी अधिक सार्थक हो जाती हैं। संस्था के लव मित्तल, अतिन अग्रवाल, विशाल उपाध्याय, राहुल शर्मा, शिवकुमार सोनी ने बताया कि यह आयोजन मानवता की सेवा का एक उदाहरण है। रवि वर्मा की यह पहल अन्य लोगों को भी अपने खास पलों को समाज सेवा से जोड़ने के लिए प्रेरित करेगी। संस्था द्वारा जारी इस मुहिम के अंतर्गत भविष्य में और भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना है, जिससे ज़रूरतमंदों तक भोजन और सहायता पहुंचाई जा सकें। इस दौरान शिवा पंडित हलवाई, विमल पाठक, गगन कश्यप आदि का सहयोग रहा।