रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

बिजली कटौती को लेकर ग्रामीणों ने लगाया जाम

इगलास। क्षेत्र में बिजली कटौती की समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश रविवार को फूट पड़ा। कई गांवों के ग्रामीणों ने एकत्रित होकर हाथरस मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीण घरों से निकलकर सड़क पर एकत्रित हो गए, जिससे यातायात बाधित हो गया। अधिकारियों ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया तब कहीं तीन घंटे बाद जाम खुल सका।

विद्युत उपकेंद्रतोछीगढ़ से करीब 22 गांवों जुडे हैं। रविवार की सुबह करीब 9:30 बजे कई गांवों के ग्रामीण एकत्रित होकर विद्युत उपकेंद्र पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए विद्युत पोल बीच सड़क पर डालकर जाम लगा दिया। बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना था कि बिजली कटौती से भारी परेशानी हो रही थी। भीषण गर्मी के मौसम में बिजली की कमी से बच्चों, बुजुर्गों और बीमारों को सबसे ज्यादा परेशानी है। 24 घंटे में मात्र आठ से 10 घंटे किस्तों में बिजली मिल रही है। दोपहर को सप्लाई बंद होने से सबसे ज्यादा दिक्कत होती है। शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही है। कोई ग्रामीण विद्युत उपकेंद्र पर शिकायत लेकर आता है तो यहां के कर्मचारी अभद्रता करते हैं और शाम को शराब के नशे में घुत्त मिलते हैं। आए दिन ग्रामीणों की केबल काट दी जाती है और बाद में लेनदेन करके जोड़ी जाती है।

जाम की सूचना पर तहसीलदार उदयवीर सिंह, नायब तहसीलदार प्रवीन तोमर, एसडीओ सुनील कुमार, इंस्पेक्टर कोमल सिंह मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों से बातचीत के दौरान अधिकारियों की नोकझोंक भी हुई। अधिकारियों ने जाम खुलवाया और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। एसडीओ ने बताया कि विद्युत कटौती को कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई का भी भरोसा दिलाया।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!