गभाना क्षेत्र के एक गांव में 5 वर्षीय बच्ची के साथ शख्स ने की गंदी हरकत
- पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
गभाना। थाना क्षेत्र के एक गांव में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना प्रकाश में आई है। यहां घर के बाहर खेल रही पांच साल की मासूम बच्ची को चीज दिलाने के बहाने एक शख्स बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया। जहां आरोपी ने बच्ची के साथ गलत हरकत कर डाली। बच्ची के दादा तलाश करते हुए आरोपी के घर पहुंचे। जहां बच्ची ने दादा को आरोपी द्वारा की गई हरकत की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बच्ची को चीज दिलाने के बहाने ले गया घर
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने थाना में मुकदमा दर्ज कराया है। जिसमें उसने बताया कि मंगलवार शाम को उसकी पांच वर्षीय बेटी घर के बाहर खेल रही थी। तभी पड़ोस का ही रामगोपाल उर्फ मोटा बेटी को चीज दिलाने के बहाने बहला फुसलाकर अपने घर ले गया। जहां बच्ची के साथ गलत हरकत कर डाली। कुछ समय बाद दादा जी बच्ची को तलाश करते हुए रामगोपाल के घर पहुंचे। बच्ची ने रोते-बिलखते हुए दादा को आरोपित द्वारा की गई गंदी हरकतों के बारे में बताया। जिसे सुनकर परिजनों को होश उड़ गए। परिजन बच्ची को थाना लेकर पहुंचे।
दुष्कर्म, पाक्सो व अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज
थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि मासूम बच्ची की पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी रामगोपाल के खिलाफ दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट व अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बुधवार को पुलिस ने आरोपी को सिकंदरपुर मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। जिसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया है।