भात नौतकर लौट रही महिला को ट्रक ने मारी टक्कर, मृत्यु
इगलास| कोतवाली क्षेत्र में अलीगढ़-मथुरा मार्ग पर बाइक सवार मां-बेटा में ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में मथुरा के बलदेव थाना क्षेत्र के गांव मीरपुर की महिला की मौके पर मृत्यु हो गई। वहीं बेटा बाल बाल बच गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रोड जाम कर दिया। पुलिस व स्थानीय नेताओं ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। महिला बेटी की शादी का भात नौतने के लिए गांव भटोई आई थी।
जनपद मथुरा के थाना बलदेव के गांव मीरपुर निवासी 40 वर्षीय सरोज पत्नी बलवीर सिंह अपने बेटे अर्जुन के साथ रविवार को बाइक से अपने मायके कोतवाली क्षेत्र के गांव भटोई में भात नौतने के लिए आई थी। 25 नवंबर को बेटी की शादी है। महिला बेटे के साथ बाइक से गांव लौट रही थी। इस दौरान शाम करीब चार बजे अलीगढ़-मथुरा मार्ग पर गैस एजेंसी के समीप पीछे से आए ट्रक चालक ने लापरवाही से बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर मृत्यु हो गई। वहीं बेटा बाल बाल बच गया। घटना के बाद मौके पर पहुंचे आक्रोशित ग्रामीणों ने बीच सड़क पर गाड़ी व बाइक खड़ी करके जाम लगा दिया।
सूचना पर सीओ खैर राजीव द्विवेदी, इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार पांडेय, खैर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह, गौंड़ा इंस्पेक्टर विजयकांत शर्मा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। वहीं जिला पंचायत सदस्य बंटी चौधरी भी मौके पर पहुंचे। सभी ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर समझाया। करीब डेढ़ घंटे बाद जाम खुल सका। सीओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रार्थना पत्र के आधार पर प्राथमिकी पंजीकृत की जाएगी। ट्रक को कब्जे मे लिया गया है।