रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

भाई की मौत की खबर पर स्कूटी से घर आ रहे युवक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत

जट्टारी। कस्बा में पुलिस चौकी के पास अलीगढ़-पलवल मार्ग पर शनिवार रात को भाई की मौत की खबर पाकर स्कूटी से घर आ रहे युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का रविवार को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र के सालपुर निवासी 38 वर्षीय शिवकुमार पुत्र रतनलाल वर्तमान में हरियाणा के पलवल के मोहन नगर में एक हाेटल में हाउस कीपिंग की नौकरी करते थे। शनिवार को उनके भाई पीतम की बीमारी के चलते मौत हो गई। जिस पर वह रात में स्कूटी से गांव आ रहे थे। जैसे ही वह कस्बा में अलीगढ़-पलवल मार्ग पर पुलिस चौकी के पास पहुंचे तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को रौंद दिया। हादसे में शिवकुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक की जेब में मिले मोबाइल फोन से परिजनों को हादसे की सूचना दी। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंच गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। गांव में एक साथ दो सगे भाईयों की मौत से गांव में हाहाकार मच गया। मृतक ने अपने पीछे पत्नी के अलावा एक बेटा व एक बेटी को रोते बिलखते हुए छोड़ा है।

विज्ञापन 

error: Content is protected !!