रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

मस्जिद में हंगामा करने वाले युवक की उपचार के दौरान मृत्यु

इगलास। हाथरस के मधुगढ़ी निवासी एक युवक ने दोपहर को कस्बा के सराय बाजार स्थित मस्जिद में जमकर हंगामा किया। हंगामा कर रहे युवक को बड़ी मुश्किल से पुलिस ने काबू में लेकर सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से उसे अलीगढ़ जेएन मेडिकल कालेज रेफर किया गया था। मेडिकल कालेज में उपचार के दौरान युवक की मृत्यु हो गई।

इंस्पेक्टर नरेंद्र यादव ने बताया कि हाथरस के मधुगढ़ी निवासी शफी कुरैशी पुत्र महमूद कुरैसी टेंपो चलाता है। शुक्रवार की दोपहर एक बजे वह कस्बा के सराय बाजार कंपाउंड स्थित मस्जिद में पहुंच गया। यहां उसने हंगामा करते हुए सिर पटकना शुरू कर दिया। इसकी सूचना कुछ नमाजियों द्वारा कोतवाली पर आकर दी गई कि एक युवक हंगामा कर रहा है और नमाज भी नहीं पढ़ने दे रहा। पुलिस के पहुंचने पर भी युवक शांत नहीं हुआ। उसकी हालत ठीक नहीं होने पर पुलिस ने किसी प्रकार गाड़ी में बिठाया तो वह गाड़ी में भी सिर पटकने लगा और शीशे में हाथ मारने लगा। युवक की हालत ठीक नहीं होने पर उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया था। यहां से उसे जेएन मेडिकल कालेज अलीगढ़ रेफर किया गया था। जहां उपचार के दौरान युवक की मृत्यु हो गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि युवक की मानसिक हालत ठीक नहीं बताई जाती है। उसका आगरा से इलाज भी चल रहा है। वहीं युवक को नशे का आदी भी बताया जा रहा है। उसकी मृत्यु का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चलेगा। घटना की सूचना स्वजन को दी गई है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!