रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

श्रीमद् भागवत कथा का भव्य शुभारंभ, कलश यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

खैर। तहसील क्षेत्र के गांव भानौली में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ आस्था और उल्लास के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक कलश यात्रा से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। सिर पर कलश धारण किए हुए महिला श्रद्धालुओं का यह शोभायात्रा दृश्य अत्यंत आकर्षक और भक्तिपूर्ण रहा। कथा स्थल से निकाली गई इस यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

धार्मिक विधियों के साथ कलशों की स्थापना की गई। मंत्रोच्चार और आरती के साथ श्रीमद् भागवत कथा की शुरुआत हुई। इस अवसर पर खैर नगरपालिका के चेयरमैन संजय शर्मा ने विशेष रूप से सहभागिता की और आयोजन की सराहना की। कथा के पहले दिन कथा व्यास मयंक उपाध्याय ने श्रीमद् भागवत कथा की महिमा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत सभी कथाओं में श्रेष्ठ है। जहां इसका आयोजन होता है, वह स्थान तीर्थ बन जाता है। इस कथा का श्रवण करने से व्यक्ति पापों से मुक्त होकर धर्म के मार्ग पर अग्रसर होता है। यदि कोई संयोगवश भी इसे सुन लेता है, तो भी उसे पुण्य की प्राप्ति होती है।

उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि व्यस्तता के बावजूद भी कम से कम दो से चार दिन इस कथा को अवश्य सुनें, क्योंकि यह कथा स्वयं भगवान श्रीकृष्ण की वाणी है, जिसमें उनके अवतार, लीलाओं और कंस वध से जुड़ी घटनाओं का वर्णन है। यह कथा मनुष्य के जीवन को सकारात्मक दिशा देने वाली और मोक्षदायिनी मानी गई है। कथा स्थल पर भक्ति भाव से ओतप्रोत वातावरण रहा। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन में भाग लेकर आयोजन को और भी दिव्य बना दिया। इस अवसर पर परीक्षित दीपक पाठक, अमन पाठक, रवेन्द्र पाठक, राजीव पाठक, सुमन प्रकाश शर्मा, पिंटू शर्मा, विनय शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!