रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

गभाना: हाईवे का ‘डीजल चोर’ चढ़ा पुलिस के हत्थे, जीप और चोरी का सामान बरामद

गभाना। हाईवे पर बने ढाबों के पास खड़े ट्रकों को निशाना बनाने वाले एक शातिर चोर को थाना पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी के पास से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल होने वाली एक जीप, नकदी और डीजल चुराने के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है।

क्या था पूरा मामला?

इंस्पेक्टर राजेश कुमार के मुताबिक, कुछ दिनों पहले फर्रुखाबाद के रामदत नगर (थाना मोहम्मदाबाद) के रहने वाले परशुराम ने एक रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि 27 अप्रैल की रात कटरा के पास एक ढाबे पर उनका ट्रक खड़ा था, जिससे चोरों ने डीजल उड़ा लिया। सिर्फ इतना ही नहीं, चोरों ने पास में ही खड़े एक दूसरे ट्रक को भी अपना शिकार बनाया और उसका भी डीजल चुरा लिया। इस वारदात के बाद से ही पुलिस लगातार चोरों की तलाश में जुटी हुई थी।

गश्त के दौरान दबोचा गया आरोपी

गुरुवार की देर रात पुलिस टीम जब टमकौली रोड पर गश्त कर रही थी, तभी बंबे की पुलिया के पास एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। घेराबंदी कर जब उसे पकड़ा गया, तो उसकी पहचान आमिल पुत्र फरोस के रूप में हुई, जो हापुड़ जिले के धौलाना थाना क्षेत्र के गांव देहरा का रहने वाला है। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने हाईवे पर खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने का जुर्म कबूल कर लिया।

बरामद सामान और आपराधिक इतिहास

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की वारदातों में इस्तेमाल होने वाली एक जीप, 6,800 रुपये की नकदी, चार बाल्टियां, दो ड्रम और एक पाइप डीजल निकालने के लिए बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी बेहद शातिर दिमाग का है और उसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उस पर गभाना थाना ही नहीं, बल्कि धौलाना और दादरी थानों में भी चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के तहत चार गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल

आरोपी को गिरफ्तार करने में इंस्पेक्टर राजेश कुमार, उपनिरीक्षक सचिन कुमार, उपनिरीक्षक दीप कुमार साहू, हेड कांस्टेबल कुलवीर सिंह आदि मौजूद रहे।

————

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!