’’वोकल फॉर लोकल’’ को बढ़ावा देने के लिए गंगीरी में 6 से 12 अगस्त तक आयोजित होगा आकांक्षा हाट
अलीगढ़। जिला विकास अधिकारी आलोक आर्य ने अवगत कराया है कि आकांक्षात्मक विकासखंड गंगीरी में 6 अगस्त से 12 अगस्त तक आकांक्षा हाट का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम केंद्र सरकार की ’’वोकल फॉर लोकल’’ पहल को मूर्त रूप देने और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
उन्होंने बताया कि सात दिवसीय इस हाट में गंगीरी क्षेत्र के स्थानीय कारीगरों एवं स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित हस्तशिल्प, परंपरागत उत्पादों एवं विशेष वस्तुओं का प्रदर्शन किया जाएगा। इन उत्पादों की पहचान कर उनका मैपिंग एवं ’’आकांक्षा लेवल’’ टैगिंग की जाएगी, जिससे उन्हें बाज़ार में एक विशिष्ट पहचान मिल सके।
डीडीओ श्री आर्य ने बताया कि स्थानीय उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा देने के लिए केंद्र व राज्य की विभिन्न एजेंसियों के सहयोग से ई-कॉमर्स प्लेटफार्मों से इन उत्पादों को जोड़ा जाएगा। इससे शिल्पियों एवं स्थानीय उद्यमियों को व्यापक बाजार उपलब्ध हो सकेगा। हाट में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), कृषि, उद्योग, खादी ग्रामोद्योग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, आयुष (आयुर्वेद व यूनानी), उद्यान एवं बैंकिंग सेवाओं से जुड़े विभागों द्वारा भी स्टॉल लगाए जाएंगे, जिससे आमजन को लाभान्वित किया जा सके। आकांक्षा हाट न केवल स्थानीय उद्यमिता को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने का माध्यम भी बनेगा। जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।