रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

गन्ना सर्वे सट्टा प्रदर्शन 2025-26 का कार्य ग्रामवार प्रारंभ, कृषकों से सहयोग की अपील

अलीगढ़। आगामी पेराई सत्र 2025-26 के लिए दि किसान सहकारी चीनी मिल समिति, साथा एवं सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड, गोपी-लधौआ क्षेत्रान्तर्गत गन्ना सर्वे सट्टा प्रदर्शन का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। यह कार्य चीनी मिलों के कर्मचारी एवं राजकीय गन्ना पर्यवेक्षकों की संयुक्त टीम द्वारा ग्रामवार रूप में किया जा रहा है, जो 30 अगस्त 2025 तक संचालित होगा।

जिला गन्ना अधिकारी मनोज कुमार पाण्डेय ने समस्त गन्ना कृषकों से अपील की है कि वे अपने गन्ना सर्वे सट्टा प्रदर्शन के समय उपस्थित रहकर अपने द्वारा बोए गए गन्ने के क्षेत्रफल का सत्यापन अवश्य करा लें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाए, तो तत्काल संबंधित गन्ना पर्यवेक्षक को सही जानकारी उपलब्ध कराएं ताकि रिकार्ड में संशोधन कर कंप्यूटर में अद्यतन प्रविष्टि सुनिश्चित की जा सके। इसके अतिरिक्त, जिन कृषकों ने अब तक अपना ऑनलाइन घोषणा पत्र नहीं भरा है, उनसे अपेक्षा की गई है कि वे तत्काल ऑनलाइन माध्यम से इसे भरना सुनिश्चित करें। यह स्पष्ट किया गया है कि ऑनलाइन घोषणा पत्र न भरने वाले कृषकों का सट्टा अगामी पेराई सत्र में निरस्त किया जा सकता है। गन्ना पर्यवेक्षक एवं सर्किल इंचार्ज ऐसे कृषकों को समय से घोषणा पत्र भरने हेतु प्रेरित कर रहे हैं। गन्ना समिति के सदस्य न बने कृषकों से अनुरोध है कि वे नियमानुसार आवश्यक प्रपत्र एवं शुल्क जमा कराकर 30 सितम्बर 2025 तक सदस्यता ग्रहण कर लें। समिति सदस्य न होने की स्थिति में संबंधित कृषक चीनी मिल को गन्ना आपूर्ति करने के पात्र नहीं होंगे। किसानों से यह भी अनुरोध है कि वे अपने मोबाइल नंबर अद्यतन करवा लें, जिससे एसएमएस के माध्यम से गन्ना पर्ची आदि की जानकारी उनके पंजीकृत मोबाइल पर भेजी जा सके। गन्ना सर्वे सट्टा प्रदर्शन की निगरानी जिला गन्ना अधिकारी, नामित नोडल अधिकारी, वरिष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, समिति सचिव और संबंधित चीनी मिल के अधिकारीगण द्वारा की जाएगी।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!