Alert: लखनऊ कोर्ट में संजीव जीवा की हत्या के बाद अलीगढ़ में अलर्ट
SSP ने कोर्ट का निरीक्षण कर परखी सुरक्षा व्यवस्था
अलीगढ़। लखनऊ कोर्ट में माफिया संजीव जीवा की हत्या की घटना के बाद पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी किया है। डीजीपी मुख्यालय से कोर्ट परिसरों के सुरक्षा प्रबंधों को पुख्ता करने किए जाने के कड़े दिए गए हैं। जिसको लेकर गुरुवार को अलीगढ़ में SSP कलानिधि नैथानी ने कोर्ट परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने कोर्ट सुरक्षा में लगे अधिकारियों व पुलिसकर्मियों को पूरी मुस्तैदी के साथ तत्परता के साथ कोर्ट परिसर में आने वाले हर व्यक्ति पर पैनी निगाह रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोर्ट परिसर में प्रवेश के दौरान प्रत्येक व्यक्ति की चेकिंग की जाए, कोई भी व्यक्ति अवैध रूप से शस्त्र लेकर कोर्ट में प्रवेश न करे, पेशी के समय बंदियों की सुरक्षा में मानक के अनुरूप पुलिसबल तैनात किया जाए, कुख्यात बंदियों पर विशेष नजर रखी जाए, अतिरिक्त डीएफएमडी लगाएं, बार के पदाधिकारियों के साथ समंवय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्रवाई करें, परिसर में लगे CCTV कैमरों को 24 घंटे चालू रखा जाएगा। कोई भी तकनीकि कमी आए तो तत्काल इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी जाए, जिससे समय रहते उन्हें ठीक कराया जा सके। कोर्ट पर तैनात कोई भी पुलिसकर्मी यदि अवकाश पर जाए तो उसके स्थान किसी दूसरे व्यक्ति की तैनाती कर दी जाए।
उन्होंने कहा कि समय-समय पर कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को देखने के लिए औचक निरीक्षण किया जाएगा। कोर्ट सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान ASP पुनीत द्विवेदी, सीओ तृतीय अशोक कुमार सिंह, DSP प्रज्ञान, ट्रैफिक इंस्पेक्टर और न्यायलय सुरक्षा में लगे सभी अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।