ट्रेन की चपेट में आकर एएमयू छात्र की हुई मौत
अलीगढ़। अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आकर एएमयू के छात्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वह दिल्ली से मां को दुबई की फ्लाइट में बिठाकर लौट रहा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद मृतक छात्र के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हाे गया।
मिली जानकारी के अनुसार बिहार के दरभंगा के कुमरौली निवासी साहिल आबदी पुत्र जियाउल हक वर्तमान में अलीगढ़ में रहकर एएमयू में पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के अनुसार दुबई में उनके रिश्तेदार रहते हैं। शुक्रवार रात्रि में साहिल दिल्ली एयरपोर्ट से मां को दुबई की फ्लाइट में बिठाने के बाद रीवा एक्सप्रेस से अलीगढ़ लौट रहा था। इसी दौरान अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर 3 पर उतरने के दौरान उसका अचानक से पैर फिसल गया और
ट्रेन की चपेट में आने के कारण उसका सिर धड़ से अलग हो गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी पर जीआरपी व आरपीएफ मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम लिए भिजवा दिया। आरपीएफ ने सूचना छात्र के परिजनों को दे दी। सूचना पर शनिवार को मृतक छात्र के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
आरपीएफ पोस्ट कमांडर राजीव वर्मा ने बताया कि ट्रेन से उतरने के दौरान हादसा हुआ था, जिसमें छात्र की मौत हो गई है। जीआरपी के माध्यम से शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और शव परिजनों को सौंप दिया गया है।