हनुमान मूर्ति का चबूतरा तोड़ने पर ग्रामीणों में पनपा आक्रोश
गभाना। थाना क्षेत्र के गांव मदनपुर छबीला में हनुमान की मूर्ति का चबूतरा तोडने पर ग्रामीणों व हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारियों में आक्रोश पनप गया। सूचना पर पहुंची इलाका पुलिस व सीओ ने गुस्साएं ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया। मामले में हिंदू रक्षा दल के जिला संयोजक की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है।
मदनपुर छबीला से अमरौली जाने वाले मार्ग पर ग्रामीणों ने एक चबूतरानुमा बनाकर उस पर हनुमान जी की मूर्ति स्थापित कर रखी हुई है। रात्रि में अज्ञात लोगों ने चबूतरे को क्षतिग्रस्त कर दिया। बुधवार सुबह ग्रामीणों को मूर्ति का चबूतरा टूटा दिखाई पड़ा। जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण व हिंदू रक्षा दल के जिला संयोजक भूपेंद्र राजपूत अन्य पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंच गए।
पदाधिकारियों व ग्रामीणों में हनुमान मूर्ति के चबूतरा तोड़ने को लेकर आक्रोश पनप गया। वह जमकर नारेबाजी करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सूचना पर थाना पुलिस के अलावा सीओ गभाना सुमन कनौजिया मौके पर पहुंच गई। उन्होंने टूटे हुए चबूतरा को ठीक कराने के साथ ही मामले में जांच कर आरोपियों की जल्द ही गिरफ्तारी करने का आश्वासन दिया तब कहीं जाकर गुस्साए ग्रामीण शांत हुए। मामले में हिंदू रक्षा दल के जिला संयोजक भूपेंद्र राजपूत ने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
सीओ सुमन कनौजिया ने बताया कि हनुमान की मूर्ति एक चबूतरा पर सड़क किनारे रखी हुई है। रात्रि में किसी अज्ञात वाहन के निकलने पर चबूतरा क्षतिग्रस्त हो गया है, जबकि हनुमान जी की मूर्ति सुरक्षित है। चबूतरे को ठीक कराया जा रहा है। साथ ही तहरीर के आधार पर जांच की जांच है, जो भी दोषी होगा उसके विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।