ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के अनिल गोविल बने जिलाध्यक्ष
बोले, पत्रकारों का नहीं होने देंगे उत्पीड़न, सुविधाओं एवं अधिकारों के लिए करेंगे संघर्ष
अलीगढ़। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष के रूप में कस्बा खैर निवासी अनिल गोविल की नियुक्ति की गई है। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष ने कहा है कि पत्रकारों का किसी भी कीमत पर उत्पीड़न नहीं होने देंगे और उन्हें बेहतर सुविधाएं दिलाने के साथ ही उनके अधिकारों के लिए कोई भी संघर्ष करेंगे । इसके लिए जिले भर के ग्रामीण पत्रकारों को संगठन से जोड़ने का काम किया जाएगा। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेशध्यक्ष सौरभ कुमार एवं प्रदेश महासचिव महेंद्रनाथ सिंह ने कस्बा खैर के रहने वाले पत्रकार अनिल गोविल को संगठन के जिलाध्यक्ष के रूप में नियुक्ति दी है। उन्होंने श्री गोविल को नई कार्यकारिणी का जल्द गठन करने एवं संगठन को मजबूती प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। अनिल गोविल को अलीगढ़ का नया जिलाध्यक्ष मनोनीत किए जाने पर जनपद के पत्रकारों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। पिछले करीब एक साल से ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष पद को लेकर उठापटक चल रही थी। प्रदेश नेतृत्व ने अनिल गोविल को नया जिलाध्यक्ष मनोनीत कर चली आ रही चर्चाओं को विराम दे दिया है। अब नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अनिल गोविल ने जिला, तहसील, ब्लॉक कार्यकारिणी के गठन की तैयारी शुरू कर दी है, ताकि संगठन को मजबूती प्रदान की जा सके।