रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

बाइकर्स ने ढाबा कर्मियों से की मारपीट, पिस्टल लहराई, एक दबोचा

- क्वार्सी क्षेत्र में शनिवार देर रात की घटना

अलीगढ़ । महानगर के थाना क्वार्सी क्षेत्र के रामघाट रोड स्थित चौधरी ढाबा पर शनिवार रात खाना खाने पहुंचे बाइकर्स ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान उन्होंने ढ़ाबा कर्मियों से मारपीट कर डाली। इस बीच शोर-शराबे पर बचाने पहुंचे लोगों को देखकर आरोपियों ने पिस्टल लहरा दी। इस बीच भीड़ ने भाग रहे एक आरोपी युवक को पिस्टल समेत दबोच लिया, जबकि उसके साथी मौके से भाग जाने में सफल रहे। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
रामघाट रोड स्थित चौधरी ढाबा पर शनिवार रात कुछ युवक खाना खा रहे थे। इसी बीच बाइकर्स गैंग के एक सदस्य सजल चौधरी का भतीजा अपने कुछ साथियों के साथ वहां खाना खाने पहुंच गया। इस बीच खाने के बाद रुपयों के लेन-देन को लेकर बाइकर्स गैंग सदस्यों से ढ़ाबा कर्मियों का विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उन्होंने ढ़ाबा के कर्मियों से मारपीट करते हुए पिस्टल तक लहरा दी। यह देख ढ़ाबा कर्मियों ने शोर मचा दिया और भीड़ की मदद से एक आरोपी को पिस्टल समेत दबोच लिया। जबकि खुद को घिरता देख उसके बाकी साथी मौके से भाग गए। हंगामे की खबर पर इलाका पुलिस आ गई। क्वार्सी के थाना प्रभारी प्रवेश राणा ने बताया कि आरोपी की पहचान पुष्पेंद्र चौधरी निवासी देवसैनी, क्वार्सी के रुप में हुई है। आरोपी से एक पिस्टल बरामद हुई है। ढ़ाबा स्वामी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी पुष्पेंद्र को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

अलीगढ़। थाना मडराक क्षेत्र की आसना पुलिस चौकी के पास शनिवार देर रात में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
गांधीपार्क के कमालपुर निवासी 40 वर्षीय निरंजन सिंह पुत्र हरीसिंह बौनेर स्थित एक पेट्रोल पंप पर नौकरी करते थे। शनिवार को वह इगलास में एक रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। जहां से देर रात्रि में वह बाइक से घर लौट रहे थे। तभी आसना चौकी के पास किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें निरंजन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर हादसे की जानकारी पाकर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक निरंजन सिंह तीन बेटियों के पिता थे।

पत्नी के मायका जाने से नाराज युवक ने फंदे पर लटककर दी जान

अलीगढ़। थाना गांधीपार्क क्षेत्र के मोहल्ला डोरी नगर में पत्नी के मायका जाने से नाराज पति ने फांसी के फंदे पर झूलकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार मोहल्ला डोरी नगर निवासी 32 वर्षीय हरीशंकर पुत्र दान सहाय मेहनत मजदूरी करता था। परिजनों के अनुसार दो दिन पूर्व किसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया था। जिसमें हरीशंकर ने पत्नी के साथ मारपीट कर डाली थी। इसी बात पर नाराज होकर उसकी पत्नी बच्चों को लेकर अपने मायका बन्नादेवी क्षेत्र के त्रिमूर्ति नगर चली गई। ग्रामीणों के अनुसान शनिवार रात्रि हरिशंकर ने पहले घर में रखे सामान में आग लगा दी थी। जिसे आस-पड़ोस के लोगों आग को बुझाने के साथ ही उसे समझा-बुझाकर कमरे में भेज दिया। हरिशंकर ने कमरे में फांसी के फंदे पर झूलकर अपनी जान दे दी। काफी देर तक कमरे से कोई भी आहट न आने व हरिशंकर के बाहर न निकलने पर आस-पड़ोस के लोगों को शक हुआ। उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो हरीशंकर का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। सूचना पर इलाका पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!