मतगणना अभिकर्ताओं की नियुक्ति के लिए करें आवेदन
अलीगढ़। नगरीय निकाय निर्वाचन का जनपद में दूसरे चरण में 11 मई को होने वाले मतदान तथा 13 मई को मतगणना के लिए बहुत कम समय है।
जिसके लिए मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने बताया है कि सभी राजनैतिक दल एवं प्रत्याशी अभी से मतगणना अभिकर्ताओं की नियुक्ति के लिए निर्धारित प्रारूप पर अपना आवेदन संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर को प्राप्त कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी RO-ARO को मतगणना अभिकर्ता की नियुक्ति के आवश्यक दिशा- निर्देश देते हुए कहा कि अभिकर्ता की उम्र 18 वर्ष से अधिक हो। नियुक्ति पत्र प्रारूप 34 में अभिकर्ताओं के फोटो के साथ दो प्रतियों में तैयार की जाएगी। एक फोटो अलग से भी ली जाएगी, जिसे गणना अभिकर्ताओं के पास पर चस्पा कराया जा सके। RO प्रत्येक गणना अभिकर्ता के लिए पहचान पत्र तैयार करेगा और इसे अभ्यार्थी को जारी करेगा। मतगणना अभिकर्ताओं को मतगणना में भाग लेने के लिए नियुक्ति पत्र के साथ पहचान पत्रों को भी प्रस्तुत करना होगा। मतदान अभिकर्ताओं को गणना प्रारंभ होने से कम से कम एक घंटा पूर्व RO को नियुक्ति पत्र दिखाकर गणना हॉल में प्रवेश लेना होगा। सुबह आठ बजे के बाद मतगणना हॉल में प्रवेश नही दिया जाएगा। प्रत्येक मतगणना अभिकर्ता को RO द्वारा एक बैज दिया जाएगा। बैज पर अभ्यार्थी का नाम, मेज क्रम संख्या आदि दर्शायी जाएगी।

