टमकौली स्थित अटल आवासीय विद्यालय जल्द होगा शुरू
– 11 जून को मंडल के चारों जनपदों में 80 सीट के लिए होगी परीक्षा
-334 श्रमिकों के एवं 12 कोविड प्रभावित बच्चे देंगे परीक्षा
गभाना। तहसील क्षेत्र के गांव टमकौली में अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है। विद्यालय का जल्द ही उद्घाटन किया जाएगा। जुलाई माह से विद्यालय में कक्षा छह की कक्षाएं भी संचालित शुरू हो जाएंगी। इस आवासीय विद्यालय में प्रवेश के लिए 11 जून को अलीगढ़ मंडल के चार जिलों में प्रवेश परीक्षा होगी, इसके लिए चारों जिलों में चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
यह होंगे परीक्षा केंद्र
अलीगढ़ में नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज,
हाथरस पीबीएएस इंटर कॉलेज,
कासगंज में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज
एटा में महारानी बालिका इंटर कॉलेज
11 बजे से होगी परीक्षा
प्रवेश परीक्षा सुबह 11 से एक बजे तक होगी। परीक्षा में मानसिक दक्षता के 40, अंकगणित के 20 और भाषा के 20 प्रश्न क्रमशः 50, 25 – 25 अंकों के होंगे। सभी प्रश्न वस्तुनिष्ठ (टिक मार्क) होंगे। प्रवेश पत्र परीक्षार्थियों के पते पर भेज दिए गए हैं।
पूर्ण पारदर्शिता के साथ कराई जाए परीक्षा
मंडलायुक्त ने कहा कि पूर्ण पारदर्शिता के साथ परीक्षा कराई जाए। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि निर्माण कार्य में लगे पंजीकृत श्रमिकों के बच्चे और कोरोना काल में अपने माता पिता को खो चुके बच्चों को यहां प्रवेश दिया जाएगा। सभी नोडल अधिकारी नौ जून को प्रश्न पत्र लेकर उन्हें जनपदीय कोषागार के डबल लॉक में रखवाएंगे। उपश्रम आयुक्त सियाराम ने बताया कि अटल आवासीय विद्यालय के प्रथम सत्र में वर्ष 2023-24 के लिए 40 बालक एवं 40 बालिकाओं का प्रवेश परीक्षा के माध्यम से चयन किया जाना है। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 26 मई तक कुल 673 आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं। बालकों के 224 एवं बालिकाओं के 122 आवेदन पत्र आए। 346 आवेदन पत्र जांच में सही मिले। निर्माण कार्य में लगे पंजीकृत मजदूरों के बच्चे और कोविड-19 से प्रभावित 12 बच्चे भी परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे।
विद्यालय स्थापना का उद्देश्य
प्रदेश सरकार का मानना है कि निर्माण श्रमिकों के बच्चे अपने माता-पिता के साथ निर्माण कार्य स्थल पर रहते हैं। अभिभावक गरीबी, साधनहीनता या फिर जगह-जगह निर्माण कार्य करने से बच्चों को विद्यालय में प्रवेश नहीं करा पाते हैं। यदि कुछ अभिभावक बच्चों को प्रवेश भी दिला देते हैं तो उन बच्चों की शिक्षा नियमित रख पाते हैं। ऐसे श्रमिकों के बच्चों को अनिवार्य शिक्षा दिलाने के उद्देश्य से सरकार ने अटल आवासीय विद्यालय खोलने का निर्णय लिया है।
59 करोड़ की लागत से हो रहा निर्माण
गभाना के गांव टमकौली में लगभग 13.58 एकड़ क्षेत्रफल 25355 वर्गमीटर में अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जिसके लिए शासन से 59 करोड़ 49 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। विद्यालय का निर्माण कार्य की शुरूआत 5 मई 2021 को की गई थी। इसमें विद्यालय का मुख्य भवन के साथ ही बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग छात्रावास, कैंटीन, खेल मैदान, स्टाफ के लिए आवसीय भवन बनाए गए हैं। विद्यालय में 1000 छात्र निशुल्क शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे।